लोकसभा चुनाव से पहले जाटलैंड में भाजपा को बड़ा झटका, सांसद बृजेंद्र सिंह कांग्रेस में शामिल

कांग्रेस में शामिल होने को लेकर बृजेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों, अग्निवीर, महिला पहलवान.. जैसे कुछ ऐसे मुद्दे थे, जिसको लेकर में भाजपा में असहज था।

Updated: Mar 10, 2024, 03:51 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। हरियाणा के हिसार से बीजेपी सांसद बृजेंद्र सिंह कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। रविवार को बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के तुरंत बाद बृजेंद्र सिंह दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर पहुंचे और कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

बृजेंद्र सिंह ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद कहा, 'मैं आज बीजेपी से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हो रहा हूं, मैं मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं का धन्यवाद करता हूं। कुछ राजनीतिक कारण काफी समय से बन रहे थे, जिसमें असहजता एक अहम विषय है। किसानों, अग्निवीर, महिला पहलवान.. जैसे कुछ ऐसे मुद्दे थे, जिसको लेकर में भाजपा में असहज था। हालांकि मैं इसके लिए लड़ता रहा हूं, और आगे भी लड़ता रहूंगा।'

बृजेंद्र सिंह ने IAS की नौकरी छोड़कर राजनीति जॉइन की थी। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं। चौधरी बीरेंद्र सिंह ने 2 अक्टूबर 2023 में जींद में "मेरी आवाज सुनो" रैली की थी। यहां उन्होंने भाजपा-जजपा का गठबंधन रहने पर पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था। सांसद बेटे बृजेंद्र सिंह ने अपने पिता के फैसले का समर्थन किया था। ऐलान के 6 महीने बाद बृजेंद्र ने इस्तीफा दे दिया।

राष्ट्रीय लोक दल के नेता जयंत चौधरी को गठबंधन में शामिल कर भाजपा ने जाट बेल्ट में बड़ा सियासी संदेश देने की कोशिश की। मगर अब हरियाणा के बड़े जाट नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह ने बड़ा सियासी दांव चल दिया है। रविवार को चुनाव समिति की बैठक से ठीक पहले उन्होंने अपने बेटे के साथ भाजपा को अलविदा कह दिया। लोकसभा चुनाव और हरियाणा विधानसभा से पहले बीरेंद्र सिंह परिवार का भाजपा से अलग होना एक बड़ा झटका है।