बिहार के मुख्य सचिव अरुण सिंह का कोरोना से निधन, सीएम नीतीश कुमार ने जताया दुःख
1985 बैच के आईएएस ऑफिसर ने पटना के पारस अस्पताल में अंतिम सांस ली, पिछले कई दिनों से वो बीमार चल रहे थे , इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पटना। देश भर में कोरोना का कहर जारी है। बिहार में कोरोना से जान गवाने वालों के आंकड़े तेजी से बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को बिहार सरकार के मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह का भी कोरोना से निधन हो गया। 1985 बैच के आईएएस ऑफिसर ने पटना के पारस अस्पताल में अंतिम सांस ली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुःख जताया है।
सीएम नीतीश कुमार ने ट्वीट कर लिखा, "मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह जी की कोरोना संक्रमण से हुई मौत अत्यंत दुःखद है। अरुण कुमार सिंह वर्ष 1985 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी थे। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक कुशल प्रशासक थे। वे एक मिलनसार व्यक्ति थे। विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी भूमिका का बेहतर निर्वहन किया था। उनके निधन से प्रशासनिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।"
मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह जी की कोरोना संक्रमण से हुई मौत अत्यंत दुःखद है। अरुण कुमार सिंह वर्ष 1985 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी थे। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक कुशल प्रशासक थे। वे एक मिलनसार व्यक्ति थे। (1/2)
— Nitish Kumar (@NitishKumar) April 30, 2021
बिहार सरकार के मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह के निधन पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, "बिहार सरकार के मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह की कोरोना संक्रमण के कारण हुई असामयिक मौत पर मर्माहत हूं. कुछ कहने को शब्द नहीं. भगवान दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे."
बिहार सरकार के मुख्य सचिव श्री अरूण कुमार सिंह जी की कोरोना संक्रमण के कारण हुई असामयिक मौत पर मर्माहत हूँ। कुछ कहने को शब्द नहीं। भगवान दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) April 30, 2021
गौरतलब है कि उन्हें इसी साल बिहार सरकार का मुख्य सचिव बनाया गया था। फरवरी माह में बिहार में आठ सीनियर आइएएस अफसरों का तबादला किया गया था. तबादले के बाद 1985 बैच के आईएएस अरुण कुमार सिंह को बिहार का नया मुख्य सचिव बनाया गया था। इससे पहले वे विकास आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।