बिहार चुनाव: दुलारचंद हत्याकांड में JDU प्रत्याशी अनंत सिंह गिरफ्तार, अज्ञात स्थान पर ले गई पुलिस
रात में करीब 150 पुलिस वालों के साथ टीम अनंत सिंह के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना में कारगिल चौक स्थित घर पहुंची थी और यहां से अनंत सिंह को गिरफ्तार किया गया।
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मोकामा सीट पर सनसनीखेज हत्याकांड ने राजनीतिक हलचल मचा दी है। जेडीयू कैंडिडेट अनंत सिंह को जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी चुनावी हिंसा और दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में हुई है। अनंत सिंह को इस हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त बनाया गया है।
पटना पुलिस ने शनिवार की देर रात बाहुबली अनंत सिंह को उनके घर से गिरफ्तार किया है। रात में करीब 150 पुलिस वालों के साथ टीम अनंत सिंह के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना में कारगिल चौक स्थित घर पहुंची थी। इसे पटना SSP कार्तिकेय शर्मा लीड कर रहे थे। पुलिस ने अनंत सिंह को घर से उठाया और पटना लेकर आई। फिलहाल उन्हें एसएसपी कार्यालय परिसर स्थित रंगदारी सेल में रखा गया है।
अरेस्टिंग के बाद बाहुबली के फेसबुक पर पोस्ट किया गया है कि,'सत्यमेव जयते !! मुझे मोकामा की जनता पर पूर्ण भरोसा है। इसलिए चुनाव अब मोकामा की जनता लड़ेगी।' गिरफ्तारी के दौरान अनंत सिंह के पीछे 6 गाड़ियां चल रही थीं। अनंत सिंह सुबह से अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार कर रहे थे। गिरफ्तारी के दौरान भी वे सफेद पैंट और शर्ट में चश्मे के साथ ही नजर आए।
मोकामा से JDU उम्मीदवार अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर जनसुराज पार्टी के मोकामा से उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी ने कहा, 'यह एक अच्छा कदम है, लेकिन अगर वे पहले कार्रवाई करते तो अच्छा होता। आज वह 50 वाहनों के काफिले में घूम रहे थे और चुनाव प्रचार में भी शामिल हुए। जब उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई थी, तो उन्हें पहले ही गिरफ्तार कर लिया जाना चाहिए था, लेकिन देर आए दुरुस्त आए। अब महत्वपूर्ण यह है कि पुलिस पूरे मामले की जांच कैसे करती है। यह उनके परिवार के लिए राहत की बात है। बता दें कि 30 अक्टूबर को जनसुराज के कैंडिडेट के प्रचार के दौरान RJD नेता दुलारचंद (76) की हत्या हुई थी।




