Sonia Gandhi: दिल्ली-बिहार में बंदी करने वाली सरकार, अब है बदलाव की बयार

Bihar Elections 2020: सोनिया गांधी ने कहा, बिहार और दिल्ली की सरकारें नोटबंदी, तालाबंदी, खेत-खलिहान बंदी और रोटी-रोज़गार बंदी में लगी हैं, जिससे गरीब, किसान, नौजवान, दलित-महादलित और पिछड़े सभी बेहाल हैं

Updated: Oct 27, 2020, 11:57 PM IST

Photo Courtesy: Amar Ujala
Photo Courtesy: Amar Ujala

दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण की वोटिंग से करीब 24 घंटे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने वीडियो संदेश में बीजेपी-जेडीयू गठबंधन पर जोरदार हमला किया है। सोनिया गांधी ने बिहार की नीतीश सरकार के साथ ही साथ केंद्र की मोदी सरकार पर भी तीखा हमले करते हुए दोनों को बंदी सरकारें बताया है। सोनिया गांधी ने अपने वीडियो संदेश में कहा है कि .दिल्ली और बिहार की सरकारें नोटबंदी, तालाबंदी, व्यापार बंदी, खेत-खलिहान बंदी, आर्थिक बंदी और रोटी-रोज़गार बंदी में लगी हैं। उन्होंने कहा कि ये अहंकारी सरकारें रास्ते से भटक चुकी हैं। उनकी न कथनी अच्छी है और न करनी। सोनिया गांधी ने कहा कि बिहार की जनता हालात को बदलने के लिए तैयार है और वो चुनाव में महागठबंधन का साथ देने का मन बना चुकी है। 

सोनिया गांधी ने कहा कि, मजदूर आज मजबूर है, किसान परेशान है, नौजवान आज निराश है, अर्थव्यवस्था की नाजुक स्थिति लोगों के जीवन पर भारी पड़ रही है। धरती के बेटों पर आज गंभीर संकट है। दलितों-महादलितों को बेहाली की कगार पर लाकर छोड़ दिया गया है। समाज के पिछड़े वर्ग भी इसी बदहाली के शिकार हैं। बिहार की जनता की आवाज़ कांग्रेस महागठबंधन के साथ है। यही है आज बिहार की जनता की पुकार। अब बदलाव की बयार है।

सोनिया गांधी ने कहा कि बिहार के लोगों के हाथों में गुण, हुनर, ताकत और निर्माण की शक्ति है, लेकिन बेरोजगारी, पलायन, महंगाई और भुखमरी ने इनकी आंखो में आंसू और पैरों में छाले ला दिए हैं। और इसलिए बिहार में अब बदलाव ज़रूरी है।  सोनिया गांधी ने कहा कि भय, डर, खौफ के आधार पर नीति और सरकारें खड़ी नहीं की जा सकतीं। उन्होंने कहा कि जनता के सामने कई अहम सवाल हैं। सवाल बेरोजगारी का, उद्योग धंधे और खेती बचाने का, रोटी और रोजगार का, सवाल शिक्षा और सेहत का। इसीलिए आज का समय अंधेरे से उजाले की ओर, झूठ से सच की ओर, वर्तमान से भविष्य की ओर बढ़ने का है। और इसीलिए लोगों से मेरी अपील है कि बिहार के पक्ष में कांग्रेस और महागठबंधन के उम्मीदवारों को वोट दें।