हिमाचल प्रदेश में BJP ने मान ली हार, जयराम ठाकुर ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा

हिमाचल प्रदेश ने कांग्रेस की प्रचंड जीत, 25 सीटों पर सिमटी बीजेपी, AAP का नहीं खुल पाया खाता, जयराम ठाकुर बोले ने दिया इस्तीफा

Updated: Dec 08, 2022, 01:36 PM IST

शिमला। हिमाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव नतीजों की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। हिमाचल में कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। जनता ने राज्य की सत्ता से बीजेपी को बेदखल कर दिया है। बीजेपी के निवर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हार स्वीकारते हुए राज्यपाल को इस्तीफा दे दिया है।

जयराम ठाकुर ने चुनावी नतीजे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कई जगहों पर हम बहुत ही कम अंतर से हारे हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि मैं जनता का आभार व्यक्त करता हूं। चुनावी नतीजों का सम्मान करता हूं। जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर सीएम पद से अपना त्यागपत्र सौंप दिया है। भविष्य को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी यदि उन्हें दिल्ली बुलाएगी तो अवश्य जाएंगे।

कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने कहा कि, ‘मोदी जी ने कई बार हिमाचल प्रदेश का दौरा किया, लेकिन क्या वे यहां सेंध लगा पाए? बीजेपी जानती थी कि राज्य में हारेगी इसलिए पीएम मोदी बार-बार राज्य के दौरे पर आए। इस जीत से हमारे हौसला बढ़ा है और कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाई है।

प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह भी इस बार चुनाव लड़ रहे हैं और अपनी सीट पर आगे चल रहे हैं। उन्होंने मीडिया से कहा है कि मैं पूरे हिमाचल की जनता का शुक्रिया करता हूं। उनका कहना है कि वे वीरभद्र जी के दिखाए रास्ते पर चले हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वे वीरभद्र जी को बहुत याद कर रहा हूं। वो जहां से भी मुझे देख रहे होंगे मुस्कुरा रहेंगे।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में कांग्रेस की जीत पर राहुल गांधी की पहली प्रतिक्रिया, बोले- हर वादा निभाएंगे

इसके अलावा प्रतिभा सिंह के सीएम बनने के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बेटा होने के नाते मैं चाहता हूं कि उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी मिले। लेकिन पार्टी जो भी फैसला लेगी वह मान्य होगा। इससे पहले प्रतिभा सिंह ने कहा था कि विधायक अपना नेता चुनेंगे। प्रतिभा सिंह जो कि कांग्रेस पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं और राज्य के छह बार के मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह की पत्नी भी हैं।

इधर कांग्रेस पार्टी की जीत के बाद राज्य में हॉर्स ट्रेडिंग की भी संभावनाएं हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस अपने विधायकों को शिमला अथवा चंडीगढ़ भेज सकती है। बता दें कि खबर लिखे जाने तक हिमाचल प्रदेश में 68 में से 40 सीटों पर कांग्रेस को बढ़त हासिल है। रुझानों के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी जोश में है। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर कार्यकर्ता उत्साहित दिखे।