बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की तबियत बिगड़ी, घर में बेहोश होकर गिरे, अस्पताल में भर्ती
बॉलीवुड अभिनेता और पूर्व सांसद गोविंदा को अचानक तबीयत बिगड़ने पर मुंबई के जुहू स्थित क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डिसओरिएंटेशन की स्थिति में लाए गए गोविंदा की हालत अब स्थिर है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता और पूर्व सांसद गोविंदा को मंगलवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के जुहू स्थित क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे उन्हें डिसओरिएंटेशन (भ्रम और हल्की बेहोशी की स्थिति) के चलते अस्पताल ले जाया गया। अभिनेता के करीबी मित्र और कानूनी सलाहकार ललित बिंदल ने इस खबर की पुष्टि की। फिलहाल गोविंदा की हालत स्थिर बताई जा रही है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
जानकारी के मुताबिक, 61 वर्षीय गोविंदा अपने घर पर अचानक बेहोश हो गए थे। जिसके बाद परिवार ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी वाइटल्स स्थिर हैं और उन्हें आवश्यक मेडिकल टेस्ट के लिए रखा गया है। फिलहाल रिपोर्ट्स का इंतजार किया जा रहा है जिसके बाद आगे का इलाज आकिया जाएगा। ललित बिंदल ने बताया कि गोविंदा की कई जांचें की जा चुकी हैं और मेडिकल टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में टला बड़ा हादसा, केरवा डैम के गेट के ऊपर बना ब्रिज स्लैब अचानक ढहा
यह पहली बार नहीं है जब गोविंदा को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ा हो। करीब एक साल पहले अपने घर में लाइसेंसी पिस्तौल की सफाई के दौरान गलती से गोली चलने की वजह से वे घायल हो गए थे। उस हादसे में गोविंदा के बाएं घुटने में गोली लगी थी जिसके बाद उनकी सर्जरी करनी पड़ी थी।
उस समय उनकी बेटी टीना आहूजा ने बताया था कि उन्होंने ही अपने पिता को अस्पताल पहुंचाया था। डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन कर गोली निकाली थी। उस घटना के बाद, गोविंदा के प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी।
यह भी पढ़ें:अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर पहुंचे एक्टर धर्मेंद्र, अब घर पर ही होगा आगे का इलाज
फिलहाल ताजा स्थिति यह है कि गोविंदा की सेहत नियंत्रण में है और डॉक्टरों का कहना है कि वे जल्द ही डिस्चार्ज हो सकते हैं। वहीं, अभिनेता हाल के दिनों में अपनी निजी जिंदगी और पत्नी सुनीता के साथ रिश्तों को लेकर भी सुर्खियों में रहे हैं। डॉक्टरों और परिवार की ओर से अनुरोध किया गया है कि फैंस घबराएं नहीं अभिनेता जल्द स्वस्थ होकर घर लौटेंगे।




