यौन शोषण के आरोपी बृजभूषण का गोंडा में शक्ति प्रदर्शन, 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान
रैली का आयोजन लोकसभा के लिए बीजेपी के महासंपर्क अभियान के तहत किया गया था। रैली बृजभूषण सिंह का शक्ति प्रदर्शन थी। इस दौरान सिंह ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों का उल्लेख नहीं किया।

गोंडा। महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरे भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को गोंडा में शक्ति प्रदर्शन किया। मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर आयोजित रैली में वह रोड शो करते हुए पहुंचे। बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को घोषणा की कि वह 2024 का लोकसभा चुनाव एक बार फिर अपने कैसरगंज निर्वाचन क्षेत्र से लड़ेंगे।
भारत की शीर्ष महिला पहलवानों द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे बृजभूषण शरण सिंह नरेंद्र मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली का आयोजन 2024 के चुनाव के लिए बीजेपी के महासंपर्क अभियान के तहत किया गया था। रैली बृजभूषण सिंह का शक्ति प्रदर्शन थी, जिसे पहले 5 जून को अयोध्या में की जानी थी।
यह भी पढ़ें: सौदेबाजी की सरकार सौदेबाजी की भाषा ही बोल सकती है, सीएम चौहान पर कमलनाथ का वार
हालांकि सिंह ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर विवाद बढ़ने के कारण अयोध्या में आयोजित रैली को टाल दिया। बाद में उन्होंने गोंडा में इसका आयोजन किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने अपनी बात को समझाने के लिए उर्दू में एक दोहे का इस्तेमाल किया।
#गोण्डा
— ऋषभ वीरेन्द्र दीक्षित (@RishabhDixit57) June 11, 2023
सांसद बृजभूषण शरण सिंह का शायराना अंदाज़
“अश्क, गम, कभी जहर पिया जाता है, तब जाकर जमाने में जिया जाता है।
ये मिला मुझको जमाने से मोहब्बत का सिला, बेवफा कहकर मेरा नाम लिया जाता है।
इसे रुसवाई कहें या शोहरत अपनी, दबे होठों से मुझे याद किया जाता है।”#Brajbhusansingh #Bjp pic.twitter.com/nXpygNGiAJ
बृजभूषण ने कहा कहा, "कभी अश्क, कभी गम, तो कभी जहर पिया जाता है। तब जा कर जमाने में जिया जाता है। ये मिला मुझे मोहब्बत का सिला, बेवफा कह कर मेरा नाम लिया जाता है। इसे रुसवाई कहें या शोहरत अपनी, दबे होठों से मुझे याद किया जाता है।" उन्होंने मोदी सरकार के काम की सराहना की और पिछले नौ वर्षों की उपलब्धियों के बारे में बताया। इससे पहले, बृजभूषण ने अपने घर से रैली स्थल तक सैकड़ों कारों के काफिले के साथ रोड शो किया। रैली में सिंह के प्रभाव क्षेत्र के सभी छह लोकसभा क्षेत्रों के लोगों की उपस्थिति थी।