आज एक आसमान ने जमीन छोड़ दी, आशा भोसले के निधन से सदमे में सिनेमा जगत
भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक आशा भोसले जी के निधन से मैं बेहद दुखी हूं। उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे: पीएम मोदी
मुंबई। भारत की मशहूर सिंगर आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। रविवार दोपहर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्हें शनिवार शाम को ही यहां भर्ती किया गया था। उनके निधन से सिनेमा जगत सदमे में है। आशा भोसले अपने पीछे एक लंबी विरासत छोड़ गई हैं। उनके साथ जैसे सुरों का एक पूरा युग खामोश हो गया। वो आवाज, जिसने दशकों तक हर एहसास को शब्द दिए वह हमेशा के लिए थम गई है।
आशा भोसले के निधन पर तमाम दिग्गज नेताओं से लेकर सिनेमा जगत और खेल जगत के सितारों ने भी दुःख व्यक्त किया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर एक्स पोस्ट में लिखा, 'भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक आशा भोसले जी के निधन से मैं बेहद दुखी हूं। उनका असाधारण संगीत सफर, जो दशकों तक चला, हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करता रहा और दुनिया भर के अनगिनत दिलों को छू गया। चाहे उनकी भावपूर्ण धुनें हों या जीवंत रचनाएं, उनकी आवाज में एक कालातीत चमक थी। मैं उनके साथ हुई मुलाकातों को हमेशा संजोकर रखूंगा। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के साथ हैं। वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे।'
वहीं लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि महान गायिका आशा भोसले जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनकी आवाज़ के माध्यम से उनकी कला सदा हमारे बीच अमर रहेगी। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल प्रियजनों और प्रशंसकों के साथ है।
संगीतकार शंकर महादेवन ने आशा भोसले के निधन पर कहा, 'यह हम सभी और भारतीय संगीत के लिए बेहद दुखद दिन है। मुझे यकीन ही नहीं हो रहा कि हमारी प्रिय आशा ताई अब हमारे बीच नहीं रहीं। एक संगीतकार, एक फैन और एक फैमिली फ्रेंड के रूप में मैं अपने दुख को शब्दों में व्यक्त नहीं कर पा रहा हूं। मैं हमेशा उन्हें मां सरस्वती के समान मानता था। आज हर भारतीय का दिल टूट गया है। उनका संगीत तब तक जीवित रहेगा, जब तक मानवता अस्तित्व में है। उनका योगदान शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। वह हमेशा हमारे बीच रहेंगी, हमारे फोन, टेलीविजन और हर उस मंच पर, जहां संगीत मौजूद है, उनकी आवाज दुनिया भर में गूंजती रहेगी। इस समय हम सभी गहरे शोक और दुख में हैं।'
फिल्ममेकर करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर आशा भोसले के निधन पर लिखा, 'यह कहना कि आज हमने एक लीजेंड को खो दिया, बहुत छोटा होगा। आशा जी जैसी कोई दूसरी नहीं थीं,एक ऐसी आवाज जिसने सिर्फ एक पीढ़ी नहीं बल्कि पूरे सिनेमाई दौर को परिभाषित किया। मैं हमेशा से उनकी आवाज, उनकी कला और उनके व्यक्तित्व का बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं। आशा जी, आपका संगीत हमेशा जीवित रहेगा और हम खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि हमें आपका जादू अनुभव करने का मौका मिला। आप शांति और शक्ति के साथ विश्राम करें।'
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने आशा भोसले के निधन पर कहा, 'आशा भोसले जी के निधन से गहरा दुख हुआ है। उनकी शालीनता और बेमिसाल प्रतिभा हमेशा हमारी यादों में जीवित रहेगी।' लेखक मनोज मुंतशिर ने उनके निधन पर दुख जताते हुए लिखा कि कुछ लोग यूँ बुलंद थे कि दास्तान हो गए।
पैदा हुए ज़मीन पर और आसमान हो गए। आज एक आसमान ने ये ज़मीन छोड़ दी। आप बहुत याद आयेंगी ताई।'
वहीं, महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि आज पूरा देश और महाराष्ट्र एक युग के अंत पर शोक मना रहा है। उनके कार्य और उनके संगीत ने न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व को खुशी दी है। कल सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लोअर परेल स्थित उनके निवास पर लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे शिवाजी पार्क श्मशान में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।




