जलगांव में मस्जिद के बाहर दो गुटों में झड़प, नमाज़ के दौरान म्यूज़िक बजाने को लेकर हुई हिंसा
पुलिस ने इस मामले में 45 लोगों को गिरफ्तार किया है, हिंसक घटना में कुल चार लोगों के ज़ख्मी होने की ख़बर है

मुंबई। महाराष्ट्र के जलगांव में नमाज़ के दौरान मस्जिद के बाहर दो गुटों के बीच झड़प हो गई। नमाज़ के दौरान म्यूजिक बजाने पर शुरू हुए विवाद ने जल्द हिंसा का रूप ले लिया। इस हिंसक झड़प में चार लोग ज़ख्मी हो गए। हालांकि पुलिस ने तनावपूर्ण स्थिति पर नियंत्रण पा लिया है।
जलगांव ज़िले के पुलिस अधीक्षक ने मीडिया को बताया कि इस मामले में अब तक पुलिस ने कुल 45 लोगों को गिरफ्तार किया है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह से कायम है और अभी शांतिपूर्ण माहौल है।
जलगांव के अलावा छत्रपति संभाजीनगर के किराडपुर क्षेत्र में भी दो गुटों के बीच झड़प हो गई। जिसमें कई लोग बुरी तरह से ज़ख्मी हो गए। हिंसक झड़प के दौरान उपद्रवियों ने निजी वाहनों और पुलिस के वाहनों में आग लगा दी।
हिंसक झड़प की सूचना मिलने पर जब स्थानीय पुलिस हिंसा पर काबू पाने पहुंची तब उपद्रवियों ने पुलिस पर ही पथराव करना शुरू कर दिया। पुलिस ने भी हिंसा पर काबू पाने के लिए बल प्रयोग शुरू कर दिया।