उदित राज: जब मंगल पर जाने वाला उपग्रह नियंत्रित हो सकता है तो EVM हैक क्यों नहीं हो सकता

कांग्रेस नेता उदित राज ने चुनाव परिणामों के बीच उठाया ईवीएम की हैकिंग का मसला

Updated: Nov 10, 2020, 09:14 PM IST

Photo Courtesy : DNA India
Photo Courtesy : DNA India

नई दिल्ली। बिहार चुनाव परिणामों में महागठबंधन के पिछड़ने के बाद कांग्रेस नेता उदित राज ने ईवीएम को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उदित राज ने कहा है कि जब मंगल ग्रह पर जाने वाले उपग्रह को धरती से नियंत्रित किया जा सकता है तो ईवीएम को हैक क्यों नहीं किया जा सकता ?  

उदित राज ने ट्वीट किया, जब मंगल ग्रह और चाँद की ओर जाते उपक्रम की दिशा को धरती से नियंत्रित किया जा सकता है तो ईवीएम हैक क्यों नही की जा सकती ? उदित राज यहीं नहीं रुके उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव का ज़िक्र करते हुए कहा कि अगर अमेरिका में ईवीएम से चुनाव होते तो डोनाल्ड ट्रम्प चुनाव नहीं हारते। कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया 'अमेरिका में अगर ईवीएम से चुनाव होता तो क्या ट्रम्प हार सकते थे ?'  

उदित राज की इस बयानबाज़ी के बाद विवाद बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर उदित राज को घेरते हुए लोग पूछ रहे हैं कि जब उदित राज बीजेपी से सांसद थे क्या तब वे ईवीएम हैक कर चुनाव जीते थे ?  ज्ञात हो कि उदित राज दिल्ली से बीजेपी के सांसद रह चुके हैं। लेकिन 2019 लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए थे। 

और पढ़ें : दिग्विजय सिंह ने उठाए EVM पर सवाल पूछा, विकसित देश क्यों नहीं इस्तेमाल करते ईवीएम

उदित राज के बयान पर उनके विरोधी हार की बौखलाहट का हवाला दे रहे हैं।हालांकि यह पहली दफा नहीं है जब किसी कांग्रेसी नेता ने ईवीएम को लेकर सवाल खड़ा किया हो। कांग्रेस शुरू से ही ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करती रही है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी ईवीएम को लेकर सवाल खड़ा कर चुके हैं। हाल ही में उन्होंने ईवीएम के इस्तेमाल पर सवाल खड़ा करते हुए पूछा था कि जब विकसित देश ईवीएम का इस्तेमाल नहीं करते तो हम क्यों कर रहे हैं ? बिहार चुनाव के दौरान खुद राहुल गांधी ने भी ईवीएम को मोदी वोटिंग मशीन बता दिया था।  

बता दें कि बिहार चुनाव परिणाम में एनडीए 124 सीटों से आगे चल रही है। वहीं महागठबंधन 107 सीटों पर आगे चल रही है। हालांकि यहाँ रेखांकित करने योग्य बात यह है कि 23 सीटों पर 500 से कम वोटों का अंतर चल रहा है। वहीं 27 सीटों पर हज़ार से कम वोटों का फासला चल रहा है।