Coronavirus India : 10 लाख के पार Positive

Corona Unlock : पिछले तीन दिनों में भारत मे 1 लाख से ज्यादा नए मामले, अनलॉक के दौरान देशभर में अबतक आए 8 लाख नए केस

Publish: Jul 17, 2020, 09:11 PM IST

भारत में गुरुवार (16 जुलाई) देर रात तक कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 10 लाख के पार पहुंच गया है। वहीं मरने वालों का संख्या 25 हजार 600 को पार कर गई है। पिछले तीन दिनों में भारत मे 1 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। अनलॉक के दौरान देशभर में अबतक 8 लाख नए केस आए हैं।

Covid19India.org  द्वारा जारी अपडेट के मुताबिक बुधवार को भारत मे 35 हजार 468 नए केस सामने आए हैं जिसके बाद संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 10 लाख 5 हजार 637 हो गया है। आबादी के लिहाज से संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत 106 वें नंबर पर है जहां हर 10 लाख लोगों में से 703 कोरोना संक्रमित हैं। एशिया में कोरोना संक्रमण व मौत के मामले में भारत सबसे ऊपर है।

भारत में कोरोना संक्रमण के फैलाव को काबू करना मुश्किल होता जा रहा है। दुनियाभर में कोरोना संक्रमण के मामलों में भारत फिलहाल तीसरे स्थान पर है लेकिन अगर इसी रफ्तार से केस बढ़ता गया तो आने वाले कुछ दिनों में भारत ब्राजील को भी पछाड़कर दूसरे स्थान पर आ सकता है। राहत की बात यह है कि दूसरे देशों के मुकाबले भारत का रिकवरी रेट बेहतर है। गुरुवार को 22 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं जिसके बाद देशभर में पूरी तरह से स्वस्थ्य हो चुके मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 6 लाख 36 हजार 602 तक पहुंच गया है। फिलहाल भारत में कोरोना रिकवरी रेट 63 फीसदी से ज्यादा है। वहीं 3 लाख 43 हजार 036 सक्रिय मामले हैं। 

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट किया है कि 10,00,000 का आँकड़ा पार हो गया। इसी तेज़ी से कोविड 19 फैला तो 10 अगस्त तक देश में 20 लाख से ज़्यादा संक्रमित होंगे। सरकार को महामारी रोकने के लिए ठोस, नियोजित कदम उठाने चाहिए।

25 हज़ार से ज़्यादा मौत वाला आठवाँ देश भारत 

भारत दुनिया का आठवां देश है जहां 25 हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना से जानें गंवाई है। देश में संक्रमण की रफ्तार भी लगातार बढ़ रही है। 30 जनवरी को पहला केस आने के 109 दिन बाद देश में संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख पहुंचा था। अगले 39 दिन में ही ये संख्या 5 लाख को पार कर गई है। वहीं अगले 20 दिन में पांच लाख मामले और आ गए। भारत में पांच लाख से 10 लाख केस पहुंचने में 20 दिन लगे। वहीं, अमेरिका में 5 से 10 लाख केस 17 दिन में हो गए थे वहीं ब्राजील को भी 20 दिन लगे थे।

भारत में प्रति दस लाख लोगों पर सिर्फ 8,991 टेस्ट हो रहे हैं जिसका मतलब है कि आबादी के लिहाज से सिर्फ 0.9% लोगों की जांच हो रही है। सबसे ज्यादा संक्रमित दस देशों में सिर्फ भारत और मैक्सिको ऐसे देश हैं, जहां टेस्टिंग की दर एक फीसदी से भी कम है। भारत मेंं 111 लोगों में से एक की टेस्टिंग हो रही है। भारत में प्रति 10 हजार लोगों पर 18 मौतें हो रही है इस लिहाज से हम दुनिया में 101वें स्थान पर हैं। इस आंकड़े के मुताबिक देशभर में 55,365 लोगों पर कोरोना से एक मौत हो रही है। दुनियाभर में इस महामारी से अबतक 1 करोड़ 38 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं जिनमें 5 लाख 89 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।