सोनिया गांधी से ईडी आज फिर करेगी पूछताछ, राजघाट पर प्रदर्शन की कांग्रेस की मांग खारिज

ED ने 75 वर्षीय कांग्रेस नेता से गत 21 जुलाई को 3 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी, कांग्रेस आज राजघाट पर प्रदर्शन करने की तैयारी में है, वहीं इलाके में धारा 144 लगा दिया गया है

Updated: Jul 26, 2022, 06:22 AM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड केस में ED मंगलवार को सोनिया गांधी से दूसरी बार पूछताछ करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष 11 बजे ED ऑफिस पूछताछ में शामिल होने के लिए जाएंगी। इससे पहले, 21 जुलाई को ED ने सोनिया से करीब 3 घंटे की पूछताछ की थी। 

सोनिया गांधी के साथ प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के ईडी कार्यालय में जाने की संभावना है, जैसा कि उन्होंने पिछले सप्ताह किया था। दवा या किसी अन्य जरूरत के लिए प्रियंका उनके साथ रह सकती हैं।सोनिया गांधी से पूछताछ के खिलाफ पूरे देश में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे। पार्टी के सीनियर नेता राजघाट पर जाकर मौन प्रदर्शन करेंगे। 

यह भी पढ़ें: लोकसभा से कांग्रेस के चार सांसद सस्पेंड, बढ़ती महंगाई के खिलाफ कर रहे थे प्रदर्शन

सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में प्रदर्शन को लेकर सभी महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों के साथ कांग्रेस हाईकमान ने इस पर स्ट्रैटजी बनाई थी। हालांकि, पुलिस ने राजघाट पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी है। इलाके में धारा 144 भी लगाया गया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस राजघाट पर 'सत्याग्रह' करना चाहती थी, लेकिन दिल्ली पुलिस से अनुमति नहीं मिली तथा वहां धारा 144 लगा दी गई।

बता दें कि नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ED 5 बार पूछताछ कर चुकी है। उनसे करीब 40 घंटे तक सवाल-जवाब किए गए थे। अब सोनिया गांधी की पेशी हो रही है। कांग्रेस ने अपने शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ ईडी की कार्रवाई की निंदा की है और इसे ‘‘राजनीतिक प्रतिशोध'' वाला कदम करार दिया है।