बर्फीली हवाओं से ठिठुरा मध्य प्रदेश, भोपाल-इंदौर समेत 36 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

शनिवार की रात में प्रदेश में रिकॉर्ड ठंड पड़ी। राजधानी भोपाल में एक ही रात में 4 डिग्री पारा लुढ़ककर 3.8 डिग्री पर आ गया।

Updated: Dec 15, 2024, 10:21 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल दिसंबर के पहले पखवाड़े में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में जनवरी जैसी ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। राज्य में अगले 2 दिन और कड़ाके की ठंड पड़ेगी। 17-18 दिसंबर से ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। 

वर्तमान में पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। शनिवार को प्रदेश के आधे हिस्से में सर्द हवाएं चलीं। वहीं, रविवार को भोपाल, इंदौर समेत 36 जिलों में शीतलहर, कोल्ड डे का अलर्ट है। विदिशा, सीहोर, शाजापुर और रायसेन में पेड़-पौधों की पत्तियों पर बर्फ जम सकती है।

इससे पहले शुक्रवार-शनिवार की रात में प्रदेश में रिकॉर्ड ठंड पड़ी। राजधानी भोपाल में एक ही रात में 4 डिग्री पारा लुढ़ककर 3.8 डिग्री पर आ गया। इस कारण पिछले 10 साल में दूसरी सबसे ठंडी रात रही। शहडोल के कल्याणपुर में पारा 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

IMD (मौसम विभाग) भोपाल की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, उत्तर भारत से बर्फीली हवा आ रही है, जो स्ट्रॉन्ग है। इस वजह से पूरा प्रदेश ठिठुर रहा है। रविवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा।

यह भी पढ़ें: ग्वालियर में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से 4 लोगों की मौत, 15 से अधिक घायल

शाजापुर, सीहोर, विदिशा, रायसेन, जबलपुर और शहडोल में ऑरेंज अलर्ट है। जबलपुर और शहडोल में शीतलहर चलेगी, जबकि बाकी जिलों में बर्फ तक जम सकती है। मंदसौर, रतलाम, बड़वानी, देवास, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, दमोह, कटनी, उमरिया, सिवनी, मंडला, अनूपपुर, सिंगरौली में शीतलहर चल सकती है। भोपाल, इंदौर, सीधी, नरसिंहपुर, राजगढ़, बैतूल, धार, उज्जैन, राजगढ़ में कोल्ड डे का अलर्ट है।