पहले इटालियन महिला ने पीएम मोदी का अपमान किया, अब इटालिया उनकी मां का अपमान कर रहा: अनुराग ठाकुर
भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि पहले एक इटली की महिला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान करती थी अब एक इटालिया (गुजरात आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष) प्रधानमंत्री की मां का अपमान कर रहा है।

नई दिल्ली। गुजरात चुनाव से पूर्व भाजपा के दर्जनों केंद्रीय मंत्री कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को कोसने में जुटे हुए हैं। इसी बीच अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और आम आदमी पार्टी की गुजरात इकाई के अध्यक्ष गोपाल इटालिया पर निशाना साधा है। ठाकुर ने कहा कि, 'पहले इटालियन महिला पीएम मोदी का अपमान करती थी, अब इटालिया ने उनकी मां का अपमान किया है।' हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।
दरअसल, बीजेपी ने गोपाल इटालिया का एक वीडियो लीक किया है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के बारे में कुछ बोलते नजर आ रहे हैं। वीडियो पुराना लग रहा है। इसमें गोपाल इटालिया को यह कहते देखा जा सकता है कि, 'आप नीच नरेंद्र मोदी को उनकी जनसभाओं के खर्च सार्वजनिक करने को क्यों नहीं कहते। और उनकी मां हीराबा भी नाटक कर रही हैं। मोदी 70 साल के करीब हैं, वहीं हीराबा जल्द 100 साल की होंगी, फिर भी दोनों की नौटंकी चालू है।'
इस कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के समक्ष पेश होने के बाद इटालिया को गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने करीब तीन घंटे तक हिरासत में रखा था। उधर भाजपा नेताओं द्वारा लगातार उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। इससे पहले अनुराग ठाकुर ने कहा कि गुजरात ने पहले इस अपमान को स्वीकार नहीं किया था, अब वह इसे स्वीकार नहीं करेगा। गुजरात करारा जवाब देगा।