केरल के पूर्व मंत्री इब्राहिम कुंजू भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार

इससे पहले फ्लाईओवर ढहने के मामले में कुंजू से सतर्कता और भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो ने कुछ समय के लिए पूछताछ की थी

Updated: Nov 18, 2020, 08:46 PM IST

Photo Courtesy: Indian Express
Photo Courtesy: Indian Express

कोच्चि। केरल के पूर्व मंत्री और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के वरिष्ठ विधायक वीके इब्राहिम कुंजू को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि उन्हें राज्य के एंटी करप्शन ब्यूरो ने उस अस्पताल से गिरफ्तार किया है, जहां उनका इलाज चल रहा था। एक दिन पहले ही वे अस्पताल मे भर्ती हुए थे। हालांकि अभी उन्हें अस्पताल से हटाने के बारे में कोई फैसला नहीं किया गया है।

केस की जांच कर रहे सतर्कता अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले उन्होंने कुंजू के घर  पर छापेमारी की थी। जहां उनकी पत्नी ने बताया था कि वे अस्पताल में भर्ती हैं। लेकिन उनकी पत्नी के जवाब से असंतुष्ट होकर अधिकारियों ने कुंजू के घर की तलाशी ली। बाद में एक निजी अस्पताल में पहुंचकर उन्होंने कुंजू को गिरफ्तार किया है।

इससे पहले पलारिवात्तोम फ्लाईओवर ढहने के मामले में कुंजू से सतर्कता और भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (वीएसीबी) द्वारा कुछ समय के लिए पूछताछ की गई थी। इस मामले में इब्राहिम कुंजू पांचवें आरोपी हैं और चार गिरफ्तारियां पहले हो चुकी हैं। चारों को जेल जाने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

कुंजू का कहना है कि उनके ऊपर लगे आरोप झूठे हैं और राजनीतिक साजिश के चलते उन्हें फंसाया जा रहा है। दरअसल उन पर आरोप है कि वह पुल की खराब गुणवत्ता के लिए जिम्मेदार हैं। यह पुल तब बनाया गया था जब राज्य में ओमन चांडी के नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार थी और कुंजू उस वक्त पीडब्ल्यूडी मंत्री थे। पुल का निर्माण 42 करोड़ रुपये की लागत से किया गया था, जो 100 से अधिक वर्षों तक चलना चाहिए था। लेकिन यह तीन साल के भीतर ही ढहने लगा। जिस वजह से इसे बंद करने का फैसला किया गया।