नाबालिगों के साथ गैंग रेप की घटना पर गोवा सीएम का विवादित बयान, रात में बाहर क्यों थी लड़कियां

गोवा के कोलवा बीच पर 24 जुलाई की रात दो नाबालिग लड़कियों के साथ हुआ था बलात्कार, सदन  में विपक्ष के सवाल पर अजीबोगरीब बयान दे गए मुख्यमंत्री

Updated: Jul 29, 2021, 09:45 AM IST

Photo Courtesy: Zeenews
Photo Courtesy: Zeenews

पणजी। गोवा में दो नाबालिगों के साथ गैंगरेप की घटना पर सीएम प्रमोद सावंत ने अजीबोगरीब बयान दिया है। गोवा सीएम ने कहा है कि नाबालिग लड़कियां रात में बाहर क्यों थीं। उन्होंने रेपिस्टों के खिलाफ कुछ बोलने के बजाए पीड़ितों के मां-बाप को ये नसीहत दी है कि वे इस बात को लेकर आत्ममंथन करें कि उनके बच्चे देर रात समुद्र तट पर क्या करने गए थे।

गोवा विधानसभा में ध्यानाकर्षण नोटिस पर एक चर्चा के दौरान प्रमोद सावंत ने बुधवार को कहा, 'जब 14 साल के बच्चे पूरी रात समुद्र तट पर रहते हैं तो माता-पिता को आत्ममंथन करने की जरूरत है। हम सिर्फ इसलिए ही सरकार और पुलिस पर जिम्मेदारी नहीं डाल सकते, कि बच्चे नहीं सुनते। अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना माता-पिता की जिम्मेदारी है और उन्हें अपने बच्चों खासतौर से नाबालिगों को रात-रात भर बाहर नहीं रहने देना चाहिए।'

यह भी पढ़ें: सदन में विपक्ष के साथ हुई मारपीट थी अक्षम्य, बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने स्वीकारी गलती

उन्होंने आगे कहा कि, 'दस बच्चे समुद्र तट पर एक पार्टी के लिए गए। 10 में से छह घर लौट आए। शेष चार, जिनमें दो लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं, पूरी रात समुद्र तट पर रहे। जब एक 14 वर्षीय लड़की समुद्र तट पर रात बिताती है, माता-पिता को भी आत्मनिरीक्षण करना होगा, उन्हें भी ध्यान रखना चाहिए।' गोवा सीएम के इस बयान के बाद राज्य का माहौल गरमा गया है।

गोवा फॉरवर्ड पार्टी के विधायक विजय सरदेसाई ने इसे शर्मनाक करार दिया है। उन्होंने कहा, 'नागरिकों की सुरक्षा पुलिस और राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। अगर वह हमें सुरक्षा नहीं दे सकते तो मुख्यमंत्री को पद पर बने रहने का उनका कोई अधिकार नहीं है।' गोवा सीएम के पास ही गृह मंत्रालय का भी प्रभार है।