जापान की मदद से भारत में बनेगी अमेरिकी वैक्सीन, हिन्द प्रशांत क्षेत्र के देशों को होगी सप्लाई

प्रधानमंत्री मोदी ने क्वाड ग्रुप की बैठक में हिस्सा लिया, बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, जापानी प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन शामिल थे

Updated: Mar 13, 2021, 06:14 AM IST

Photo Courtesy: India Tv
Photo Courtesy: India Tv

नई दिल्ली। भारत अब हिन्द प्रशांत क्षेत्र के देशों को वैक्सीन की आपूर्ति करेगा। इसके लिए भारत अमेरिकी वैक्सीन का निर्माण करेगा। हिंद प्रशांत क्षेत्र के देशों को वैक्सीन की आपूर्ति करने की ज़िम्मेदारी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपी है। वैक्सीन आपूर्ति के उद्देश्य की प्राप्ति में ऑस्ट्रेलिया और जापान भारत की मदद करेंगे। 

वैक्सीन की आपूर्ति के लिए ऑस्ट्रेलिया वैक्सीन की सप्लाई में भारत की मदद करेगा। जबकि वैक्सीन बनाने के लिए जापान भारत को फंडिंग करेगा। इस बात का फैसला शुक्रवार को क्वाड समूह की पहली बैठक में लिया गया। क्वाड समूह के शिखर सम्मेलन में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, जापानी प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन शामिल थे। 

प्रधानमंत्री ने शिखर सम्मलेन की समाप्ति के बाद अपने ट्विटर हैंडल पर बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी दी। बैठक समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोरोना की चुनौती से निपटने के लिए हम सब एकजुट हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हिन्द प्रशांत क्षेत्र के देशों को लिए भारत अपनी वैक्सीन उत्पादन क्षमता को विस्तृत करेगा। जिसमें जापान और ऑस्ट्रेलिया भारत की मदद करेंगे। मोदी ने कहा कि बैठक में सुरक्षित कोरोना के टीकों की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण भागीदारी शुरू की है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अपने SAGAR (सिक्योरिटी एंड ग्रोथ ऑफ ऑल इन द रीजन) के विज़न को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मोदी ने बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि क्वाड बैठक में शामिल लोगों के बीच वैक्सीन, जलवायु परिवर्तन और तकनीक जैसे मसलों पर सार्थक चर्चा हुई।