देश के लिए शर्म की बात है, सर्व सेवा संघ ध्वस्तीकरण मामले में पीएम मोदी पर बरसे दिग्विजय सिंह

राजेंद्र प्रसाद और विनोबा भावे ने जिस भवन की नींव रखी उसे ढहाने की तैयारी, वाराणसी स्थित सर्व सेवा संघ मुख्यालय पर बुलडोजर लेकर पहुंची पुलिस, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी को घेरा

Updated: Jul 22, 2023, 11:40 AM IST

वाराणसी। वाराणसी स्थित सर्व सेवा संघ परिसर को ढहाने के लिए पुलिस प्रशासन बुलडोजर लेकर पहुंची है। प्रशासन द्वारा परिसर को खाली कराया जा रहा है ताकि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जाए। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विरासत को इस तरह रौंदे जाने के विरुद्ध गांधीजनों ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के कद्दावर नेता व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा है कि यह देश के लिए शर्म की बात है।

यह भी पढ़ें: वाराणसी में सर्व सेवा संघ को ढहाने की तैयारी, गांधी की विरासत बचाने प्रदर्शन कर रहे लोगों को किया गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया, 'गांधी विचार के विरासत वाली संस्था सर्व सेवा संघ, वाराणसी परिसर को बुलडोजर से रौंदने के लिए पुलिस पहुंच चुकी है। आप जहां हैं वहीं से सोशल मीडिया पर विरोध दर्ज कराएं। आप जहां भी हो वहीं से स्वविवेक का इस्तेमाल करते हुए इस विरासत को बचाने का प्रयास कीजिए।'

सिंह ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए लिखा, 'मोदी जी दुनिया भर में जाकर गांधी के नामों पर राजनीति करना बंद कीजिए। देश और दुनिया के लिए शर्म की बात है कि जिस गांधी ने देश को आजादी दिलाई उसी देश में उनके विरासत पर आज वाराणसी में बुलडोजर की कार्रवाई हो रही है।⁦'

दिग्विजय सिंह ने वाराणसी प्रशासन द्वारा गांधीजनों की गिरफ्तारी का वीडियो शेयर कर लिखा, 'मोदी जी आप सदैव देश में और विदेशों में महात्मा गांधी के सम्मान में केवल शब्दों से व photo-op से सम्मान करते हैं। लेकिन आपने अपने गुजरात के मुख्यमंत्री काल में व अब प्रधान मंत्री काल में हमेशा उनके विचारों की हत्या की है। यदि आप में थोड़ा सा भी महात्मा गांधी और उनके विचारों से सहानुभूति है तो तत्काल वाराणसी में विनोभा भावे डॉ राजेंद्र प्रसाद द्वारा स्थापित संस्था पर बुल डोज़र चलाना बंद कीजिए।'

बता दें कि वाराणसी पुलिस बुलडोजर लेकर सर्व सेवा संघ परिसर को ध्वस्त करने पहुंची है। इस दौरान गांधीजनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के विरुद्ध सत्याग्रह पर बैठे गांधीजनों के साथ पुलिस ने न सिर्फ मारपीट की बल्कि उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। 

हालांकि, पुलिस कार्रवाई के बाद भी बड़ी संख्या में गांधीवादी लोग मौके पर पहुंच गए हैं। गांधीजनों का कहना है कि हम बुलडोजर के आगे लेट जाएंगे, अपने प्राण न्योछावर कर देंगे, लेकिन गांधी और जेपी की विरासत गिरने नहीं देंगे।