जम्मू कश्मीर के डीजी जेल हेमंत लोहिया की निर्मम हत्या, पुलिस को घरेलू सहायक पर शक

पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने इसे 'बेहद दुर्भाग्यपूर्ण' घटना बताया और कहा कि जसीर नामक घरेलू सहायक को पकड़ने के लिए तलाश अभियान शुरू किया गया है, जो फरार है।

Updated: Oct 04, 2022, 05:06 AM IST

जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (जेल) हेमंत लोहिया की उनके निवास पर निर्मम हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड में पुलिस को उनके घरेलू सहायक पर शक है। पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने इसे 'बेहद दुर्भाग्यपूर्ण' घटना बताया और कहा कि जसीर नामक घरेलू सहायक को पकड़ने के लिए तलाश अभियान शुरू किया गया है, जो फरार है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी ने पहले लोहिया की गला घोंटकर हत्या की और बाद में गला को रेतने के लिए केचप की टूटी हुई बोतल का इस्तेमाल किया था। इतना ही नहीं शव को आग लगाने की भी कोशिश की। DG लोहिया के आवास पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने जब उनके कमरे के अंदर आग देखी और दरवाजा अंदर से बंद था। इस कारण इसे तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने मैसूर पहुंची सोनिया गांधी, 6 अक्टूबर को यात्रियों के साथ वॉक करेंगी कांग्रेस अध्यक्ष

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जम्मू क्षेत्र) मुकेश सिंह ने बताया कि 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी लोहिया (52) शहर के बाहरी इलाके में अपने उदयवाला निवास पर मृत मिले जिनका गला रेता गया था और उनके शरीर पर जलने के निशान थे। पुलिस प्रमुख ने कहा कि घटनास्थल की प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि लोहिया ने अपने पैर में कुछ तेल लगाया होगा जिसमें कुछ सूजन दिखाई दे रही थी।

उन्होंने कहा, 'घरेलू सहायक फरार है। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।' उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक और अपराध दल मौके पर हैं। अधिकारी ने बताया, 'जांच प्रक्रिया शुरू हो गई है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हैं।' उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस परिवार अपने वरिष्ठ अधिकारी की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करता है।