हिमाचल में हार के बावजूद जेपी नड्डा बने रहेंगे BJP के अध्यक्ष, अमित शाह ने की एक्सटेंशन की घोषणा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ाया गया है। नड्‌डा का कार्यकाल 20 जनवरी को खत्म हो रहा था।

Updated: Jan 17, 2023, 11:26 AM IST

नई दिल्ली। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दूसरे दिन पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा के एक्सटेंशन पर मुहर लग गई। हिमाचल प्रदेश में पार्टी को मिली करारी हार के बावजूद नड्‌डा का कार्यकाल अगले जून 2024 तक बढ़ा दिया गया है। गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की।

अमित शाह ने कहा कि नड्डा के सेवा विस्तार पर सभी पदाधिकारियों ने एकमत से सहमति दी। उन्होंने बताया कि जेपी नड्डा के लिए राष्ट्रीय कार्यकारणी ने आज प्रस्ताव किया है। राजनाथ सिंह ने इस प्रस्ताव को रखा है। सभी भाजपा के सदस्यों ने इसे स्वीकार किया है। जेपी नड्डा को जून 2024 तक के लिए भाजपा के अध्यक्ष के रूप में इनका कार्यकाल बढ़ाया जा रहा है।

जेपी नड्डा की तारीफ करते हुए अमित शाह ने कहा, 'नड्डा के नेतृत्व में हम उत्तर पूर्व के चुनावों में सफल हुए। गोवा में हमने हैट्रिक लगाई। गुजरात में 53 फीसदी मत हासिल किया। मोदी जी की लोकप्रियता को मत में बदलने में जेपी नड्डा की भी भूमिका रही है। सरकार के योजनाओं और लोगों तक योजना पहुंचाने में नड्डा का योगदान है। उनके नेतृत्व में बीजेपी ने 120 चुनाव लड़े और 73 चुनाव में सफलता हासिल की।'

यह भी पढ़ें: वरुण को गले लगा सकता हूं, लेकिन उनकी विचारधारा नहीं अपना सकता: होशियारपुर में बोले राहुल गांधी

जेपी नड्डा बीजेपी अध्यक्ष के रूप में लगातार दूसरा कार्यकाल हासिल करने वाले तीसरे नेता बन गए हैं। इससे पहले लालकृष्ण आडवाणी और अमित शाह को सेवा विस्तार दिया गया था। हालांकि, राजनाथ सिंह भी दो बार पार्टी अध्यक्ष बने थे, लेकिन उनका कार्यकाल लगातार नहीं था।

बता दें कि नड्‌डा को जून 2019 में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद 20 जनवरी 2020 को उन्हें पूर्णकालिक अध्यक्ष बनाया गया। नड्‌डा का कार्यकाल 20 जनवरी को खत्म हो रहा था। जिसे अब जून 2024 तक के लिए बढ़ा दिया गया है।।जून से पहले ही लोकसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में नड्डा के सामने संगठन को एकजुट रखने की चुनौती होगी।