वरुण को गले लगा सकता हूं, लेकिन उनकी विचारधारा नहीं अपना सकता: होशियारपुर में बोले राहुल गांधी

देश की 40 प्रतिशत संपत्ति पर 1 प्रतिशत अमीरों का कब्जा है, जबकि देश की 50 फीसदी आबादी सिर्फ 3 प्रतिशत संपत्ति की मालिक है, देश का मीडिया इन चीजों पर सवाल नहीं करता है: राहुल गांधी

Updated: Jan 17, 2023, 10:59 AM IST

होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश में अमीरों और गरीबों के बीच बढ़ती खाई का मुद्दा उठाया। राहुल गांधी ने कहा कि देश के 1 फीसदी लोगों के पास देश की 40 फीसदी संपत्ति है। देश में 21 लोगों के पास उतना धन है, जितना 70 करोड़ लोगों के पास है। लेकिन मीडिया कभी इन चीजों पर सवाल नहीं करता।

भारत जोड़ो यात्रा के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को पंजाब के होशियारपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को पहले किया जाना था लेकिन यात्रा में कांग्रेस सांसद संतोख सिंह की मौत के बाद इसे टाल दिया गया था। इस दौरान वरुण गांधी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि, 'मेरे परिवार की एक विचारधारा है। वरुण ने दूसरी विचारधारा चुनी। मैं उस विचारधारा को अपना नहीं सकता। वो बीजेपी में हैं, मेरी विचारधारा उनसे नहीं मिलती। मैं आरएसएस के दफ्तर में नहीं जा सकता चाहे मेरा गला काट दिया जाए।'

यह भी पढ़ें: चुनाव प्रचार के दौरान नोट बांटते दिखे बीजेपी मंत्री, कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की कार्रवाई की मांग

राहुल गांधी ने देश में अमीरों और गरीबों के बीच बढ़ती खाई पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, 'देश के 50 प्रतिशत सबसे गरीब लोग 64 प्रतिशत जीएसटी देते हैं। वहीं, देश के 10 प्रतिशत सबसे अमीर लोग सिर्फ 3 प्रतिशत जीएसटी देते हैं। देश की 40 फीसदी संपत्ति पर 1 प्रतिशत अमीरों का कब्जा है, जबकि देश की 50 फीसदी आबादी सिर्फ 3 प्रतिशत संपत्ति की मालिक है। लेकिन, देश का मीडिया इन चीजों पर सवाल नहीं करता है।'

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'भारत की सभी संस्थाओं को RSS और BJP कंट्रोल कर रही है। सभी संस्थाओं पर उनका दवाब है। चुनाव आयोग, नौकरशाही, न्यायपालिका पर उन्होंने कब्जा कर रखा है। जो पहले राजनीतिक लड़ाई होती थी वैसी लड़ाई नहीं है। अब लड़ाई भारत की संस्थाओं और विपक्ष के बीच है।'

राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुरक्षा में चूक की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'कौन सी सुरक्षा में चूक हुई थी। वह मुझे गले लगाने आया था और अति उत्साहित था। इसे सुरक्षा में चूक नहीं कहेंगे. यात्रा में ऐसा होता रहता है।