न्याय भी दौलत का मोहताज है, पुणे हिट एंड रन केस में राहुल गांधी की तल्ख़ टिपण्णी

ओला-उबर, ऑटो, बस और ट्रक ड्राइवर गलती से किसी को मार देते हैं तो 10 साल की सजा हो जाती है। अमीर घर का लड़का पोर्शे कार से दो लोगों की हत्या कर देता है तो उससे सिर्फ निबंध लिखवाया जाता है: राहुल गांधी

Updated: May 22, 2024, 10:47 AM IST

नई दिल्ली। पुणे हिट एंड रन केस का मामला गरमाया हुआ है। तेज रफ्तार पोर्श कार से कुचलकर मारे गए मध्य प्रदेश के दो इंजीनियर युवाओं की खबर ने हर किसी को आहत कर दिया है। वहीं, कोर्ट के फैसले पर भी लोग हैरान हैं। मामले में अब राहुल गांधी का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मोदी दो हिंदुस्तान बना रहे हैं जहां न्याय भी दौलत का मोहताज है।

राहुल गांधी ने वीडियो संदेश ट्वीट कर कहा, 'अगर ओला-उबर, ऑटो, बस और ट्रक ड्राइवर गलती से किसी को मार देते हैं तो 10 साल की सजा हो जाती है। अमीर घर का लड़का पोर्शे कार से दो लोगों की हत्या कर देता है तो उससे सिर्फ निबंध लिखवाया जाता है। बस ड्राइवर से क्यों नहीं लिखवाया?'

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा गया- दो भारत बन रहे हैं। एक अरबपतियों और दूसरा गरीबों का। उनका जवाब आता है- क्या मैं सबको गरीब बना दूं? सवाल ये नहीं। सवाल ये है कि अमीरों और गरीबों... दोनों को न्याय मिलना चाहिए, इसलिए हम लड़ रहे हैं। अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं।'

दरअसल, 18 मई की रात 2.15 बजे पुणे में बाइक सवार अश्विनी कोष्टा और अनीश अवधिया को हाई स्पीड पोर्शे कार ने कुचल दिया था। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। अश्विनी जबलपुर और अनीश उमरिया का रहने वाला था। कार पुणे के बिल्डर का नाबालिग बेटा चला रहा था। वह नशे में था।