लखनऊ में कोल्ड स्टोरेज का गैस चैंबर फटने से दो की मौत, दो मज़दूर गंभीर रूप से घायल

लखनऊ के इंटौजा इलाके के बिंदेश्वरी कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया का गैस चैंबर फटने से जानलेवा हादसा, कोल्ड स्टोरेज में रखा 60 हज़ार बोरी आलू भी बर्बाद हो गया

Updated: Mar 07, 2021, 03:45 AM IST

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक कोल्ड स्टोरेज का गैस चैंबर फट गया। शनिवार देर रात इंटौजा इलाके स्थित बिंदेश्वरी कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस चैंबर फटने से दो मजदूरों की मौत हो गई। जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मजदूरों का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। 

इसके साथ ही कोल्ड स्टोरेज में रखा हुआ 60 हज़ार बोरी आलू भी बर्बाद हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस वक्त कोल्ड स्टोरेज में गैस चैंबर फटा उस समय दस मजदूर काम कर रहे थे। चार मज़दूर इस हादसे की चपेट में आ गए। इलाज के दौरान धर्मेंद्र और मिश्री लाल ने दम तोड़ दिया। दो मजदूरों की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। जबकि अन्य मजदूर ज़्यादा घायल नहीं हुए हैं। उन्हें हलकी चोटें आई है। 

पुलिस ने इस मामले में कोल्ड स्टोरेज के मालिक और संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कोल्ड स्टोरेज में यह हादसा लापरवाही के कारण होने की आशंका है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लंबे अरसे से गैस चैंबर का मेंटेनेंस नहीं किया गया था।