मैनपुरी में डिंपल यादव की रिकॉर्ड जीत, 2.88 लाख वोट से बीजेपी के रघुराज को हराया

देश के 5 राज्यों की 6 विधानसभा सीटों में 2 कांग्रेस और 2 भाजपा को मिली है। सबसे बड़ा उलटफेर आजम खान का गढ़ माने जाने वाले रामपुर में हुआ है। यहां 71 साल बाद बीजेपी की जीत हुई है।

Updated: Dec 08, 2022, 01:27 PM IST

लखनऊ। समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई लोकसभा सीट मैनपुरी पर परिवार की बहू डिंपल यादव ने विरासत का विजय पताका लहरा दिया है। उपचुनाव में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल ने बीजेपी कैंडिडेट रघुराज शाक्य को 2 लाख 88 हजार के बड़े अंतर से हरा दिया।

डिंपल यादव को 6 लाख 18 हजार 120 वोट मिले जबकि रघुराज शाक्य को 3 लाख 29 हजार 659 वोट प्राप्त हुए। करीब 64 फीसदी वोट शेयर के साथ डिंपल ने अपने ससुर मुलायम सिंह की 2019 की चुनावी जीत के अंतर से तिगुनी बड़ी जीत हासिल की है। वैसे इसी सीट पर साल 2014 में मुलायम सिंह यादव 3.66 लाख वोट के अंतर से जीते थे। इसी सीट पर उनके पोते और लालू यादव के दामाद तेज प्रताप सिंह यादव भी 3 लाख से ज्यादा के मार्जिन से उप-चुनाव जीत चुके हैं।

यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में BJP ने मान ली हार, थोड़ी देर में राज्यपाल को इस्तीफा सौंपेंगे CM जयराम ठाकुर

देश के 5 राज्यों की 6 विधानसभा सीटों में 2 कांग्रेस और 2 भाजपा को मिली है। सबसे ज्यादा उलटफेर आजम खान का गढ़ माने जाने वाले रामपुर में हुआ है। यहां 71 साल बाद कमल खिला है। भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने आजम के करीबी आसिम रजा को 25,703 वोटों से हरा दिया है। उधर, खतौली विधानसभा सीट पर सपा-रालोद गठबंधन के मदन भैया की जीत हुई है।

इसके अलावा बिहार की कुढ़नी विधानसभा सीट पर भी भाजपा का कब्जा रहा। भाजपा ने जदयू के मनोज कुशवाहा को 3 हजार 632 वोटों से हराया। छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर और राजस्थान की सरदारशहर सीट पर कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की है।