मणिपुर में CM बीरेन सिंह के काफिले पर उग्रवादियों ने किया हमला, दो जवान घायल
मुख्यमंत्री का सुरक्षा काफिला हिंसा प्रभावित जिरिबाम जिले की ओर जा रहा था तभी उस पर हमला किया गया। हालांकि, इस दौरान काफिले के साथ CM मौजूद नहीं थे।
इंफाल। मणिपुर में एक बार फिर से हिंसा भड़क उठी है। हाल ही में असम की सीमा पर स्थित मणिपुर के जिरीबाम जिले में भारी तनाव के बीच एक समुदाय विशेष के 70 से अधिक घर जला दिए गए। अब मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के काफिले पर हमले की खबर सामने आई है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के काफ़िले से पहले जाने वाली अग्रिम सुरक्षा टीम पर उग्रवादियों ने हमला किया है। इस हमले में दो जवान घायल हुए हैं। उग्रवादियों ने ये हमला के सिनम गांव के पास घात लगाकर किया, जिस वक्त मुख्यमंत्री का सुरक्षा काफिला हिंसा प्रभावित जिरिबाम जिले की ओर जा रहा था तभी उस पर हमला किया गया।
और पढ़ें: प्रधानमंत्री देश को बताएं आखिर कब कराएंगे जनगणना, 14 करोड़ लोग राशन स्कीम से वंचित: कांग्रेस
पुलिस ने बताया कि सुरक्षाबलों के वाहनों पर उग्रवादियों की ओर से कई गोलियां चलाई गईं, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। यह सुरक्षा दस्ता हिंसा प्रभावित जिरिबाम में सीएम की सभा से पहले तैयारियों का जायजा लेने जा रहा था। जब सुरक्षा काफिला कोटलेन पहुंचा तो उग्रवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें ड्राइवर समेत दो सुरक्षाकर्मी घायल हुए। हमले के वक्त मुख्यमंत्री काफिले में नहीं थे।
इस हमले को बीरेन सिंह ने निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि यह हमला राज्य के लोगों पर हमला है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री पर किया गया हमला राज्य की जनता पर किया गया हमला है। इसलिए राज्य सरकार को एक्शन लेना होगा। मैं अपने सभी साथियों से सलाह लेने के बाद कोई फैसला लूंगा।