भले 100 मोदी और शाह आ जाएं, 2024 में बनेगी कांग्रेस की सरकार : मल्लिकार्जुन खड़गे
खड़गे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी तमाम दलों के साथ चर्चा भी कर रही है, आगामी लोकसभा चुनावों के बाद देश में कांग्रेस के नेतृत्व में नई सरकार बनेगी

नई दिल्ली। नागालैंड में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर बड़ा हमला बोला है। इसके साथ ही उन्होंने यह दावा किया है कि 2024 में कांग्रेस पार्टी देश में सरकार बनाने जा रही है। इसके लिए कांग्रेस पार्टी अन्य राजनीतिक दलों के साथ चर्चा भी कर रही है।
खड़गे ने यह बात मंगलवार को नागालैंड में आयोजित अपनी एक चुनावी सभा में कही। कांग्रेस नेता ने कहा कि मौजूदा समय में बीजेपी की सत्ता से देश के संविधान को खतरा है। अगर यह 2024 में सत्ता में वापस आए तो लोकतंत्र को खत्म कर देंगे।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 2024 में देश में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार बनेगी। एक नया गठबंधन बनेगा जिसका नेतृत्व कांग्रेस करेगी। खड़गे ने कहा कि वे अन्य दलों को साथ लाने के संबंध में बातचीत भी कर रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस नेता ने कहा कि भले ही सौ मोदी और शाह आ जाएं लेकिन वह इस देश का कुछ नहीं बिगाड़ सकते क्योंकि देश का संविधान बहुत मज़बूत है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि कांग्रेस ने इस देश को आज़ादी दिलाई। आजादी के आंदोलन में बीजेपी के राजनीतिक पूर्वजों का कोई योगदान नहीं है। इनके पास स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद हुए एक भी नेता का नाम बताने के लिए नहीं है। बल्कि इसके विपरित इन लोगों ने उस महात्मा गांधी की हत्या की जिन्होंने इस देश को आज़ादी दिलाई।
In 2024, an alliance Govt shall be formed in the Centre.
— Mallikarjun Kharge (@kharge) February 22, 2023
Congress will lead that alliance. pic.twitter.com/WRIac7kzMH
लोकसभा चुनाव में अब एक साल का समय बाकी रह गया है। आम चुनावों से पहले कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ जैसे अहम राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। जिसमें दो राज्यों राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सत्ता में है बल्कि मध्य प्रदेश और कर्नाटक में बीजेपी की सत्ता है। हालांकि मध्य प्रदेश और कर्नाटक चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस ही सत्ता में आई थी। लेकिन बीच में बीजेपी ने चोर दरवाज़े से अपनी सरकार बना ली। ऐसे में लोकसभा चुनावों से पहले इन राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है जोकि आम चुनावों की दशा और दिशा तय कर सकते हैं।