नागपुर में 83वां जन्मदिन मना रहे हैं NCP चीफ शरद पवार, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी मौजूद

लोकसभ चुनाव से पहले INDIA गठबंधन के नेताओं के बीच बढ़ा मेल मिलाप का दौर, शरद पवार का जन्मदिन मनाने नागपुर पहुंचे कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे

Updated: Dec 12, 2023, 03:59 PM IST

नागपुर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख पद्म विभूषण शरद पवार आज अपना 83वां जन्मदिवस मना रहे हैं। इस मौके पर नागपुर में पार्टी द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। खास बात ये है कि इस कार्यक्रम में INDIA गठबंधन के भी दो प्रमुख नेता शामिल हो रहे हैं।

कांग्रेस की ओर से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कद्दावर नेता दिग्विजय सिंह नागपुर पहुंचे हैं। वहीं, शिवसेना यूबीटी के प्रमुख उद्धव ठाकरे भी कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। दिग्विजय सिंह और शरद पवार के मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई है। इस दौरान दिग्विजय सिंह और शरद पवार हल्के फुल्के अंदाज में बातचीत करते नजर आ रहे हैं। 

दिग्विजय सिंह और शरद पवार की दोस्ती पुरानी है। लेकिन पवार के जन्मदिन के कार्यक्रम में सिंह की मौजूदगी लोकसभा चुनाव को लेकर भी अहम है। इसे INDIA गठबंधन के नेताओं के बीच एकजुटता बरकरार रखने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह नागपुर में युवा संघर्ष पदयात्रा में भी शामिल होंगे। यह पदयात्रा भी एनसीपी विधायक रोहित पवार द्वारा किया जा रहा है। इसमें पवार, सिंह और ठाकरे तीनों के शामिल होने की उम्मीद है।

शरद पवार देश के बेहद अनुभवी और सम्मानित नेताओं में से एक हैं जिन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से लेकर केंद्र में रक्षा मंत्री और कृषि मंत्री तक का कार्यभाल संभाला है। वह चार बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने साल 1999 में कांग्रेस से अलग होकर अपनी नई पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का गठन किया। वर्तमान में वह संसद के उच्च सदन राज्यसभा के सदस्य हैं। वह राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बावजूद सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने के लिए जाने जाते हैं।

शरद पवार का जन्म 12 दिसंबर 1940 को महाराष्ट्र के बारामती गांव में हुआ था। उनका पूरा नाम शरदचंद्र गोविंदाराव पवार है। लेकिन राजनीति में उन्हें शरद पवार के नाम से ख्याति मिली। उन्होंने अपने जीवन में अब तक एक भी चुनाव नहीं हारा है। इसीलिए वह राजनीति में एक अलग पहचान रखने वाले राजनेता हैं। शरद पवार बीसीसीआई और आईसीसी के चेयरमैन भी रह चुके हैं। साल 2017 में उन्हें पदम विभूषण से सम्मानित किया गया था।