भारत में Omicron वेरिएंट के नए मामले की पुष्टि, तंजानिया से मुंबई लौटा शख्स पॉजिटिव

Omicron वेरिएंट से संक्रमित पाया गया व्यक्ति मुंबई के धारावी इलाके में रहता है, वह मूलतः चेन्नई का रहने वाला है

Publish: Dec 10, 2021, 12:58 PM IST

नई दिल्ली/मुंबई। भारत में Omicron वेरिएंट के नए मामले की पुष्टि हुई है। मुंबई के धारावी में रहने वाले शख्स में omicron संक्रमण की पुष्टि हुई है। फिलहाल संक्रमित व्यक्ति अस्पताल में भर्ती है। 

Omicron से संक्रमित पाया गया व्यक्ति बीते चार दिसंबर को तंजानिया से मुंबई लौटा था। वह मुंबई के धारावी इलाके में रहता है। संक्रमित व्यक्ति मूल रूप से चेन्नई का रहने वाला है। 

बीएमसी ने धारावी में omicron संक्रमण का मामला सामने आने की पुष्टि की है। महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों ने पहले ही चिंता बढ़ा दी है। राज्य में omicron के अब तक ग्यारह मामलों की पुष्टि हो चुकी है। 

भारत में अब तक omicron संक्रमण के कुल 26 मामलों की पुष्टि हुई है। महाराष्ट्र में ग्यारह, राजस्थान में नौ, कर्नाटक में तीन, गुजरात, हैदराबाद और दिल्ली में एक एक मामला सामने आ चुका है। सबसे पहले Omicron वेरिएंट की पुष्टि कर्नाटक के बेंगलुरु में हुई थी। बेंगलुरु में Omicron के दो मामलों की एक साथ पुष्टि हुई थी। 

हालांकि गुरुवार को जयपुर में omicron वेरिएंट से संक्रमित पाए गए लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी। जिसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। लेकिन मुंबई में एक बार फिर Omicron के नए मामले ने हड़कंप मचा दिया है।