गुजरात के चार महानगरों में 17 से 31 मार्च तक नाइट कर्फ्यू, महाराष्ट्र में नई गाइडलाइन्स जारी

गुजरात में कोरोना के 890 नए मरीज मिले, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट में 15 दिनों के लिए नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला, बिना दर्शकों के होंगे टी-20 मैच

Updated: Mar 16, 2021, 09:18 AM IST

Photo Courtesy: The Indian Express
Photo Courtesy: The Indian Express

अहमदाबाद/मुंबई। गुजरात में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर सख्ती बरती जा रही है, सरकार ने 15 दिनों के लिए नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। यह कर्फ्यू 17 से 31 मार्च तक लागू होगा। राज्य के चार प्रमुख महानगरों अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट में रात का कर्फ्यू लगाया जा रहा है। इन शहरों में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लोगों के आने जाने पर रोक रहेगी। इन शहरों में लेटनाइट कर्फ्यू आज से ही लागू है, जिसके तहत रात 12 बजे से सुबह 6 बजे सख्ती बरती जाएगी।

नरेंद्र मोदी स्टेडीयम में बिना दर्शकों के होंगे टी 20 मैच

कोरोना केसेज बढ़ने की वजह से गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडीयम होने वाले टी 20 मैचों में दर्शकों की एंट्री पर भी बैन लगा दिया गया है। अब आगामी मैच बिना दर्शकों के खेले जाएंगे। इंडिया इंग्लैंड के मध्य टी 20 मैच 16, 18 और 20 मार्च को खेला जाना है।

24 घंटे में गुजरात में मिले 890 नए मरीज

दरअसल गुजरात में कोरोना केस बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार को 890 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं जिनमें से 594 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना संक्रमण से एक और मरीज की मौत हो गई। जिसके बाद गुजरात में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 2.79 लाख तक पहुंच गया है। वहीं राहत की बात है कि 2.69 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक कुल 4,425 मरीजों की मौत हुई है। कोरोना एक्टिव केसेज की संख्या 4,717 है।

महाराष्ट्र में कोरोना के लिए नई गाइड लाइन जारी

देश के अन्य राज्यों में भी सख्ती बरती जा रही है, नई गाइडलाइन्स भी जारी की गई हैं। महाराष्ट्र के नागपुर में 15 मार्च से 21 मार्च तक टोटल लॉकडाउन जारी है। सरकार का तर्क है कि कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए सख्ती बरती जा रही है। बावजूद इसके लोग कोरोना गाइडलाइन्स का पालन नहीं करते हैं। महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में कुल 15,051 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या 48 है। 10,671 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं।

31 मार्च तक आधी क्षमता के साथ खुलेंगे, दफ्तर, होटल और सिनेमाघर

महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार देर शाम से 31 मार्च तक के लिए नई गाइड लाइन जारी कर दी है। अब महाराष्ट्र के दफ्तर, सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल, होटल और रेस्टोरेंट को आधी क्षमता के साथ खोला जाएगा। मास्क लगाने पर सख्ती होगी। बिना मास्क पहने लोगों को किसी जगह पर एंट्री नहीं दी जाएगी।

शादी समारोह में केवल 50 लोगों को इजाजत

महाराष्ट्र सरकार ने सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनैतिक और धार्मिक आयोजनों पर पाबंदी लगा दी है। कोरोना गाइडलाइन्स का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। विवाह सामरोह में केवल 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे। अगर शादी समारोह में 50 से ज्यादा लोग मिलते हैं तो आर्गनाइज़र पर डिजास्टर एक्ट के तहत एक्शन लिया जाएगा।

देश के कुल कोरोना एक्टिव केसों में से 58 फीसदी महाराष्ट्र में

महाराष्ट्र के पुणे, मुंबई, नागपुर, नासिक, और ठाणे की स्थिति के मद्देनजर सख्ती से गाइडलाइन्स का पालन करवाया जाएगा। राज्य में अब तक 23.29 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 21.44 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 52,909 संक्रमितों ने जान गंवाई है। अभी 1.30 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो देश में कुल कोरोना एक्टिव केसों में से 58 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र से ही हैं। 

मध्यप्रदेश में एक दिन में 800 से ज्यादा मरीज मिले भोपाल में धारा 144 लागू

मध्य प्रदेश के 44 जिलों में मंगलवार को 817 नए कोरोना केस मिले हैं। जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 2 लाख 70 हजार 208 तक हो गई है। कोरोना एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 5 हजार 286 हो गया है। 3891 लोगों की मौत कोरोना संक्रमण की वजह से हो चुकी है। मध्य प्रदेश में करीब 17 लाख लोगों को कोरोना टीका लगाया जा चुका है। भोपाल में कोरोना की बढ़ती रफ्तार की वजह से धारा-144 लागू कर दी गई है। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने इसे लेकर आदेश जारी कर दिया है। कोचिंग क्लासेस में आधी क्षमता के साथ बच्चों को बुलाने की अनुमति दी गई  है। हॉस्टल बंद रहेंगे। केवल खेल गतिविधियों के लिए स्वीमिंग पूल खोले जा सकेंगे।

अंडमान-निकोबार से आई राहत भरी खबर

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में सोमवार को कोरोना का कोई नया केस नहीं मिला है। यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 5,031 बनी हुई है। कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या तीन है। जबकि 4,966 है लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं।

भारत में सोमवार तक कोरोना के कुल 22,82,80,763 सैंपल्स टेस्ट हो चुके है। ICMR से मिली जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटों में 8,73,350 कोरोना सैंपलों की जांच हुई है। भारत में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 1,14,09,831 तक पहुंच गया है। देश में कोरोना एक्टिव मरीजों की कुल संख्या 2,23,432 है। वहीं कुल 1,10,27,543 मरीज कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या 1,58,856 है।कोरोना के प्रकोप के मद्देनजर बिहार सरकार ने होली मिलन समारोहों पर रोक लगा दी है।