नितिन नबीन ने BJP अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किया नामांकन, निर्विरोध चुना जाना तय

नितिन नबीन की पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व को पहचान है कि कौन व्यक्ति काम करने में सक्षम, हीरे की परख जौहरी को ही होती है। पार्टी ने हीरा चुनकर निकाल लिया।

Updated: Jan 19, 2026, 04:44 PM IST

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी को 6 साल बाद आखिरकार नया अध्यक्ष मिलने जा रहा है। बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अब पार्टी का कमान संभालेंगे। नितिन नबीन ने सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा। इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

नितिन नबीन का निर्विरोध भाजपा अध्यक्ष चुना जाना तय माना जा रहा है। वे पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालेंगे। सोमवार नॉमिनेशन की प्रक्रिया पार्टी हेडक्वार्टर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी और दूसरे सीनियर नेताओं की मौजूदगी में शुरू हुई। इन सभी नेताओं ने चुनाव अधिकारी को नितिन के लिए समर्थन पत्र जमा कर दिया है।

शाम 4 बजे से 5 बजे तक नामांकन की जांच होगी। शाम 5 बजे से 6 बजे तक नाम वापस लेने का समय होगा। एक ही नामांकन पत्र आया तो चुनाव अधिकारी नितिन को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर देंगे। अगर किसी और दावेदार ने फॉर्म जमा किया तो 20 तारीख को वोटिंग होगी। भाजपा ने 16 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था। नितिन को 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।

बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद करती है, जिसमें लगभग 5,708 सदस्य शामिल हैं। इसमें राष्ट्रीय परिषद और सभी राज्य परिषदों के सदस्य शामिल होते हैं, जो देश के 30 से अधिक राज्यों से आते हैं। लेकिन अगर केवल एक नामांकन होता है, तो मतदान की जरूरत नहीं होगी।

नितिन नबीन के बतौर अध्यक्ष निर्वाचन को लेकर उनकी पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व को पहचान है कि कौन व्यक्ति काम करने में सक्षम, हीरे की परख जौहरी को ही होती है। पार्टी ने हीरा चुनकर निकाल लिया। पार्टी के लिए नितिन ने दिन रात मेहनत की। उनकी मेहनत का फल उन्हें मिल गया।