बिहार में भी तेज़ हुआ किसान आंदोलन, कृषि क़ानूनों के खिलाफ राजभवन तक निकला मार्च
बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर उतरे हज़ारों किसान, राज्य के तमाम ज़िलों से आए हैं अन्नदाता, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक किसानों और पुलिस में झड़प भी हुई है

पटना। बिहार के किसानों ने अपने कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह के उस दावे की हवा निकाल दी जिसमें उन्होंने कहा था कि देश का किसान आंदोलित नहीं है। बिहार के विभिन्न ज़िलों से किसान आज राजधानी पटना पहुंचे। हज़ारों की संख्या में मौजूद किसानों ने कृषि कानूनों के खिलाफ गांधी मैदान से राजभवन तक मार्च निकाला। इस दौरान किसानों और पुलिस में झड़प भी हुई है।
यह भी पढ़ें : किसान आंदोलन ग़लतफ़हमी का शिकार, बीजेपी के समर्थन में बोले नीतीश कुमार
दरअसल पटना के गांधी मैदान में आज हज़ारों की संख्या में किसान कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर एकत्रित हुए। किसानों ने गांधी मैदान में जमकर कृषि कानूनों के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद किसानों ने किसान आंदोलन के समर्थन में राजभवन तक मार्च भी निकाला।
यह भी पढ़ें : ये किसानों का नहीं दलालों का आंदोलन है, बिहार के कृषि मंत्री का आपत्तिजनक बयान
लेकिन इस दौरान किसान गांधी मैदान में लगे बैरिकेड्स तोड़कर डाक बंगला चौराहे के रास्ते राजभवन की ओर बढ़ने लगे, कि तभी किसानों और पुलिस में झड़प हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने मार्च निकाल रहे किसानों पर लाठीचार्ज भी किया। यह पूरा मार्च अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति की अगुवाई में निकाला गया।
Photo Courtesy: Twitter
कृषि मंत्री ने कहा था, यह दलालों का आंदोलन है
आज पटना में किसानों ने प्रदर्शन करके बिहार के कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह के उस दावे का जवाब दिया है जिसमें उन्होंने कहा था कि यह किसानों का नहीं बल्कि दलालों का आंदोलन। अमरेंद्र प्रताप सिंह ने पूरे देश के किसान के आंदोलन में शामिल नहीं होने की बात भी की थी।