Manoj Jha: नीतीश कुमार ज़्यादा दिन तक नहीं रहेंगे मुख्यमंत्री

आरजेडी नेता मनोज झा ने कहा है कि नीतीश कुमार को जनता ने नकार दिया है, उनके पास केवल प्रबंधित बहुमत है

Updated: Nov 15, 2020, 06:00 PM IST

Photo Courtesy: Outlook
Photo Courtesy: Outlook

पटना। बिहार चुनाव के परिणाम ने एनडीए को बहुमत के आंकड़े तक तो पहुंचा दिया, लेकिन नतीजों में खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछड़ गए। आरजेडी नेता मनोज झा ने नीतीश कुमार के नाम पर औपचारिक मुहर लगने से पहले निशाना साधा है। राज्यसभा सांसद मनोज झा ने कहा है कि नीतीश कुमार ज़्यादा दिन तक राज्य के मुख्यमंत्री नहीं रह पाएंगे। 

मनोज झा ने कहा कि नीतीश कुमार को जनता ने नकार दिया है। चुनाव परिणामों में नीतीश की पार्टी को केवल 40 के आसपास सीटें मिलना इस बात का सबूत है कि जनता नीतीश को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखना नहीं चाहती। मनोज झा ने कहा कि इस सरकार के पास काफी कमज़ोर बहुमत है, लिहाज़ा यह ज़्यादा दिन नहीं चल पाएगी। मनोज झा ने कहा कि नीतीश कुमार के पास केवल एक प्रबंधित बहुमत है।

मनोज झा ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, कितनी बड़ी विडंबना है कि BJP 74 सीट लाती है लेकिन CM का चेहरा नहीं है उनके पास, मिल भी नहीं रहा है, खोजना भी नहीं चाह रहे हैं, बड़ा दवाब है! तो 40 सीट वाले को CM पद का उम्मीदवार चुनेंगे। 4 सीट HAM और VIP की है। यह विडंबना आगे चलकर क्या रूप लेगी, इसका हमें इंतज़ार है।

आरजेडी नेता ने कहा कि नीतीश ने 2017 में भी महागठबंधन से नाता तोड़कर बिहार के जनादेश का अपमान किया। नीतीश ने इस बार भी जनादेश को दबाने का काम किया है। इसलिए वे ज़्यादा दिनों तक राज्य के मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। 

गौरतलब है कि चुनाव परिणाम आने के बाद से ही विपक्ष लगातार नतीजों पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रहा है। आरजेडी के मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव ने बाकायदा प्रेस कांफ्रेंस करके मतगणना की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। हालांकि चुनाव आयोग ने विपक्ष के तमाम आरोपों का जवाब दिया है। बता दें कि आज मुख्यमंत्री आवास पर एनडीए की बैठक भी होनी है। इसमें नीतीश कुमार के नाम पर अंतिम मुहर लगने की पूरी संभावना है। नीतीश कुमार 16 नवम्बर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।