पंजाब में कांग्रेस सरकार ने किसानों को दिया न्यू ईयर गिफ्ट, 2 लाख तक के कर्ज होंगे माफ

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शुक्रवार को किसानों के दो लाख तक का कर्ज माफ करने का ऐलान किया, 10 दिन के भीतर लागू होगा निर्णय

Updated: Dec 24, 2021, 08:40 AM IST

चंडीगढ़। नए साल के पहले पंजाब की कांग्रेस सरकार ने किसानों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शुक्रवार को ऐलान किया है कि किसानों के दो लाख रुपए तक के कर्ज माफ किए जाएंगे। सीएम चन्नी के मुताबिक 10 दिन के भीतर यह निर्णय लागू किया जाएगा। विधानसभा चुनाव से पहले सीएम चन्नी के इस कदम को मास्टरस्ट्रोक के तौर पर देखा जा रहा है।

सीएम चन्नी ने बताया कि प्रदेश में लगभग दो लाख ऐसे किसान परिवार हैं जिन्हें इसका फायदा मिलेगा। सरकार इसके लिए 2 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी। इससे पांच एकड़ तक के जमीन मालिकों के दो लाख तक के कर्ज पूरी तरह माफ हो जाएंगे। सीएम चन्नी के मुताबिक जमीन गिरवी रखने वाले बैंकों का भी दो लाख तक का कर्ज माफ होगा।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत, 15 में 13 सीटों पर जमाया कब्जा

रिपोर्ट्स के मुताबिक पंजाब सरकार जनरल कैटेगरी कमिशन बना रही है, जिसे कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है। इससे पहले पंजाब की कांग्रेस सरकार 4,610 करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर चुकी है। इनमें से 1.34 लाख छोटे किसानों को 980 करोड़ रुपये की राहत मिली, जबकि 4.29 लाख सीमांत किसानों को 3,630 करोड़ रुपये का कर्ज माफ हुआ।

संयुक्त किसान मोर्चा की एक और बड़ी मांग को पूरा करते हुए सीएम चन्नी ने पंजाब पुलिस द्वारा किसानों के खिलाफ दर्ज सभी प्राथमिकी को 31 दिसंबर तक रद्द करने की भी घोषणा की है। इन किसानों के खिलाफ राज्य में कृषि कानूनों के विरुद्ध प्रदर्शन के दौरान एफआईआर दर्ज किया गया था। सीएम चन्नी ने यह भी कहा कि, 'कपूरथला में इस बात का कोई सबूत नहीं है कि बेअदबी की गई थी। मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिकी में संशोधन किया जाएगा।'