नोटिस पर दिल्ली पुलिस को राहुल गांधी का जवाब, 45 दिन बाद अचानक सवाल पूछने की कैसे सूझी

राहुल गांधी ने नोटिस का जवाब देने के लिए दिल्ली पुलिस से 8 से 10 दिन का समय मांगा है, साथ ही राहुल गांधी ने यह भी पूछा है कि कहीं ये अडानी मुद्दे पर उनके रुख को लेकर तो नहीं है?

Updated: Mar 19, 2023, 07:41 PM IST

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में महिलाओं के यौन उत्पीड़न पर दिए बयान के सिलसिले में राहुल गांधी को मिले नोटिस का कांग्रेस नेता ने जवाब दिया है। राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस को अपने जवाब में कहा है कि आखिर उनके भाषण के 45 दिन बाद दिल्ली पुलिस को अचानक सवाल पूछने की ज़रूरत कैसे महसूस हुई। राहुल गांधी ने नोटिस का जवाब देने के लिए 8 से 10 दिन का समय मांगा है। 

समाचार एजेंसी पीटीआई ने अपने सूत्रों के हवाले से राहुल गांधी द्वारा दिल्ली पुलिस को नोटिस का जवाब दिए जाने का दावा किया है। पीटीआई के मुताबिक राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस को चार पन्नों में जवाब दिया है और अपने भाषण के 45 दिन बाद अचानक दिल्ली पुलिस के इस रुख की वजह भी पूछी है।

राहुल गांधी ने यौन उत्पीड़न का शिकार महिलाओं के बारे में बताने के लिए समय तो मांगा ही है लेकिन साथ ही दिल्ली पुलिस के इस रवैए पर भी सवाल खड़ा किया है। राहुल गांधी ने पूछा है कि कहीं ये अडानी मुद्दे पर उनकी स्थिति को लेकर तो नहीं है? राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस से पूछा कि अगर सत्ताधारी दल से किसी नेता ने भारत जोड़ो यात्रा जैसी यात्रा की होती तो क्या तब भी दिल्ली पुलिस इसी तरह से सवाल करती?

इस मामले में आज दिल्ली पुलिस की टीम राहुल गांधी के आवास पर पहुंची थी। दिल्ली पुलिस राहुल गांधी द्वारा दिए गए भाषण के संबंध में उनका बयान दर्ज करने पहुंची थी। जिसके बाद कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी और मोदी सरकार पर हमला बोल दिया। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि दिल्ली पुलिस बिना गृह मंत्री और ऊपर से आदेश मिले ऐसा नहीं कर सकती। कांग्रेस नेता ने कहा कि जब दिल्ली पुलिस ने नोटिस दिया तो राहुल गांधी जवाब देंगे ही लेकिन इसके बावजूद उनकी यहां तक आने की हिम्मत कैसे हो गई? 

राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 30 जनवरी को जम्मू कश्मीर में एक भाषण दिया था जिसमें उन्होंने यौन उत्पीड़न का शिकार महिलाओं का ज़िक्र किया था। राहुल गांधी ने कहा था कि कुछ महिलाओं ने उनसे पीड़ा साझा की थी। इस पर राहुल गांधी ने महिलाओं से पूछा भी था कि क्या वह पुलिस को उनकी इस व्यथा के बारे में बताएं? इस पर महिलाओं ने राहुल गांधी से पुलिस को बताने से मना करते हुए कहा था कि पुलिस को बताने पर उनके लिए और मुश्किल खड़ी हो जाएगी।