MP: भाजपा नेता पर चाकू की नोक पर दुष्कर्म का आरोप, पीड़िता को कैमरे पर दी धमकी

सतना से भाजपा नेता अशोक सिंह पर एक महिला ने चाकू की नोक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की 22 दिसंबर को एसपी से शिकायत के बाद जांच डीएसपी को सौंपी गई। आरोपी का धमकी भरा वीडियो वायरल भी सामने आया है।

Updated: Dec 27, 2025, 03:44 PM IST

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुरबघेलान में भाजपा नेता अशोक सिंह पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि भाजपा नेता ने चाकू की नोक पर उनके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दोबारा शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था। 

शिकायत के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है। इसमें अशोक सिंह पुलिस अधिकारी को गाली देते हुए यह कहते नजर आ रहा है कि “कुछ नहीं होगा, जहां शिकायत कर ले, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।” वीडियो में महिला के रोने और सिसकने की आवाज भी सुनाई दे रही है।

यह भी पढ़ें:मैहर में चलती लग्जरी मर्सिडीज कार में लगी आग, लोगों ने कूदकर बचाई जान

पीड़िता ने बीते 22 दिसंबर को सतना एसपी हंसराज सिंह के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, छह महीने पहले आरोपी अशोक सिंह करही (हनुमानगंज) स्थित पीड़िता के घर में घुस आया और चाकू दिखाकर दुष्कर्म किया। इसी दौरान उसने आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और किसी को बताने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी। महिला का दावा है कि डर के कारण वह चुप रही लेकिन 20 दिसंबर को आरोपी फिर उसके पास पहुंच छेड़छाड़ और दबाव बनाने लगा। महिला ने यह भी बताया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है।

यह भी पढ़ें:दीप्ति शर्मा ने बुमराह-अर्शदीप का भी तोड़ा रिकॉर्ड, टी-20 में 150 विकेट लेने वाली पहली भारतीय गेंदबाज बनीं

वायरल वीडियो में अशोक सिंह न सिर्फ महिला को धमकाता दिख रहा है बल्कि थाना प्रभारी और पुलिस प्रशासन के लिए भी अभद्र भाषा का प्रयोग भी कर रहा है। यह वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उसका कहना है कि अगर उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।

यह भी पढ़ें:मध्य प्रदेश में शीतलहर का कहर, हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ठंडी रही राजधानी भोपाल

एसपी ने मामले की जांच की जिम्मेदारी डीएसपी (मुख्यालय) मनोज त्रिवेदी को सौंप दी है। डीएसपी का कहना है कि मामला जांच में है और रिकॉर्ड देखने के बाद ही आगे की जानकारी दी जाएगी। दूसरी ओर स्थानीय लोगों में यह सवाल उठ रहा है कि वायरल वीडियो और गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई है।