JNU में फिर लाल सलाम, छात्रसंघ चुनाव में सभी चार सीटों पर लेफ्ट का कब्जा

लेफ्ट यूनिटी की उम्मीदवार अदिति मिश्रा JNUSU की अध्यक्ष निर्वाचित हुईं हैं। उपाध्यक्ष पद पर के. गोपिका ने कब्जा जमाया है।

Updated: Nov 06, 2025, 10:57 PM IST

नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में 2025 के छात्र संघ चुनावों के नतीजे आ गए हैं। इसमें लेफ्ट यूनिटी (AISA, SFI, DSF गठबंधन) ने शानदार जीत हासिल की है। वाम दलों के प्रत्याशियों ने सेंट्रल पैनल के चारों पदों पर क्लीन स्वीप किया है। जबकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को करारी हार का सामना करना पड़ा।

JNU छात्रसंघ चुनाव 2025 में अध्‍यक्ष पद पर अदिति मिश्रा, उपाध्यक्ष पद पर के गोपिका, महासचिव पद पर सुनील यादव तो संयुक्त सचिव पद पर दानिश अली ने जीत हासिल की है। ये चारों लेफ्ट यूनाइटेड के उम्मीदवार हैं। सभी चारों सीटों पर दूसरे नंबर पर ABVP के उम्मीदवार रहे।

अध्यक्ष पद पर अदिति के सामने ABVP से विकास पटेल सामने थे। जेएनयू छात्रसंघ चुनाव में सभी वोटों की गिनती के बाद अध्यक्ष पद अदिति मिश्रा को सबसे ज्यादा 1937 वोट मिले। अदिति मिश्रा ने ABVP के विकास पटेल को 449 वोटों के अंतर से हराया। 

उपाध्यक्ष पद पर लेफ्ट यूनाइटेड की के गोपिका को 3101 मत मिले। यहां ABVP की तान्या कुमारी दूसरे नंबर पर रहीं। तान्या कुमारी को 1314 वोट से हार का सामना करना पड़ा। तान्या कुमार को 1787 वोट मिले। महासचिव पद पर लेफ्ट पैनल के उम्मीदवार(डीएसएफ) सुनील यादव को 2005 वोट से जीत दर्ज की। एबीवीपी उम्मीदवार राजेश्वर कांत दुबे 1901 वोट मिले और 104 वोट से हार हुई।

संयुक्त सचिव पद के लिए दानिश की टक्कर ABVP के अनुज दमारा से थी। दानिश अली को 2083 मत मिले। बता दें कि पिछले चुनाव में एबीवीपी ने करीब एक दशक बाद संयुक्त सचिव के पद पर जीत दर्ज की थी। उससे पहले वर्ष 2015 में भी एबीवीपी ने संयुक्त सचिव का पद जीता था। उसके बाद से लेफ्ट पैनल सभी पदों पर काबिज होता रहा।