रिपब्लिक टीवी के CEO विकास खानचंदानी गिरफ्तार, TRP घोटाले का लगा है आरोप

TRP Scam: मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच आरोपी विकास को गिरफ्तार किया, अर्नब भी हो सकते हैं गिरफ्तार

Updated: Dec 13, 2020, 06:27 PM IST

Photo Courtesy: TheQuint
Photo Courtesy: TheQuint

मुंबई। मुंबई पुलिस ने टीआरपी घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रिपब्लिक टीवी के सीईओ विकास खानचंदानी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि रेटिंग में हेरफेर के आरोपी विकास को रविवार सुबह उनके घर से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने अब तक कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। विकास खानचंदानी की गिरफ्तारी इस मामले में बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

खानचंदानी की गिरफ्तारी रिपब्लिक टीवी के डिस्ट्रीब्यूशन हेड घनश्याम सिंह को मिली जमानत के कुछ दिन बाद हुई है। घनश्याम सिंह को भी इससे पहले फर्जी टेलीविजन रेटिंग प्वांट (TRP) मामले में गिरफ्तार किया गया था। मजिस्ट्रेट ने घनश्याम सिंह को 13 नवंबर तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया था। अक्टूबर में क्राइम ब्रांच ने खानचंदानी को पूछताछ के लिए बुलाया था। खानचंदानी की गिरफ्तारी से पहले मुंबई पुलिस के क्राइम ब्रांच द्वारा 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

तीन चैनलों पर लगा है TRP हेरफेर का आरोप

बता दें कि TRP घोटाले का खुलासा तब हुआ जब ब्रॉडकास्ट ऑडिंयस रिसर्च काउंसिल (BARC) ने हंसा रिसर्च ग्रुप के जरिये शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि कुछ चैनल टीआरपी के आंकड़ों में छेड़छाड़ कर रहे हैं। अक्टूबर महीने में मुंबई पुलिस ने टीआरपी रैकेट का भंडाफोड़ किया था, जिसमें सामने आया था कि लोगों को कुछ खास चैनल देखने के लिए पैसे दिए गए थे। 8 अक्टूबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुंबई के पुलिस कमिश्नर ने तीन चैनलों का नाम लिया, जिनमें सबसे बड़ा नाम रिपब्लिक टीवी का था। इसके अलावा फक़्त मराठी और बॉक्स सिनेमा पर भी टीआरपी घोटाले का आरोप लगा।

अर्नब भी हो सकते हैं गिरफ्तार

टीआरपी घोटाले में सीईओ की गिरफ्तारी के बाद अब रिपब्लिक टीवी एक बार फिर से मुश्किलों में फंसता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि मुंबई पुलिस आगे की जांच के बाद चैनल के एडिटर अर्नब गोस्वामी को भी गिरफ्तार कर सकती है। बता दें कि पिछले महीने ही अर्नब गोस्वामी को मुंबई पुलिस ने एक इंटीरियर डिजाइनर के सुसाइड मामले में गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह जमानत पर रिहा हैं।