MP में कांग्रेस सरकार बनते ही सभी किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा, कमलनाथ का बड़ा ऐलान

संवैधानिक पद पर रहते हुए सबसे ज्यादा झूठ बोलने का विश्व रिकार्ड बनाएंगे शिवराज सिंह, मेरी डेढ़ साल की सरकार ने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया, फिर भी झूठ बोल रहे मुख्यमंत्री: कमलनाथ

Updated: Dec 10, 2022, 11:22 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनते ही प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। विधानसभा चुनाव से पूर्व पीसीसी चीफ कमलनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। साथ ही किसान कर्जमाफी को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान को निशाने पर भी लिया है।

कमलनाथ ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि, '2018 में हमारी सरकार बनते ही हमने किसानों की कर्ज माफी शुरू कर दी थी और 27 लाख किसानों का कर्ज माफ भी कर दिया था। 18 साल तक मुख्यमंत्री रहने के बावजूद शिवराज सिंह चौहान ने आज तक एक किसान का कर्ज माफ नहीं किया। शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर आसीन हैं, लेकिन लगता है कि वह संवैधानिक पद पर रहकर झूठ बोलने का विश्व रिकॉर्ड बनाना चाहते हैं।'

यह भी पढ़ें: छिंदवाड़ा दौरे के दौरान सातवें आसमान पर दिखा CM चौहान का पारा, मंच से दो अफसरों को किया सस्पेंड

कमलनाथ ने आगे कहा कि, 'मध्य प्रदेश की जनता यह तो पहले से ही जानती है कि शिवराज सिंह चौहान एक्टिंग करने में उस्ताद हैं लेकिन अब झूठ बोलकर भी प्रदेश का नाम खराब करने में पीछे नहीं हट रहे।
विधानसभा में खरीद-फरोख्त से बनी शिवराज सरकार ने स्वयं स्वीकार किया है कि कांग्रेस की सरकार ने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ कर दिया था। उसके बावजूद मुख्यमंत्री को विधानसभा में खुद की सरकार द्वारा पेश किए गए आंकड़ों को ना मानते हुए झूठे बयान देने पड़ रहे हैं।'

कमलनाथ ने कहा कि, 'मैं शिवराज सिंह चौहान को चुनौती देता हूं की 18 साल की सरकार में उन्होंने किसानों के साथ जो अत्याचार और पाप किए है अगर वे उसका प्रायश्चित करना चाहते हैं तो तत्काल किसान कर्ज माफी की घोषणा करें और मध्य प्रदेश के एक-एक किसान को कर्ज से मुक्त कर दें। लेकिन मैं जानता हूं कि वह ऐसा कोई काम नहीं करेंगे। मैं किसान भाइयों को आश्वस्त करता हूं कि 10 महीने बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी और एक-एक किसान भाई का कर्ज माफ कर दिया जाएगा।'