Sushant Singh Rajput: रिया चक्रवर्ती के खिलाफ मुकदमा दर्ज

सुशांत के पिता ने रिया चक्रवर्ती पर सुशांत को प्यार के जाल में फंसा कर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया

Updated: Jul 29, 2020, 08:46 AM IST

पटना। बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने जलेबी फेम एक्ट्रेस और सुशांत की तथाकथित गर्ल फ्रेंड रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। सुशांत के पिता ने पटना के राजीवनगर थाने में रिया चक्रवर्ती के खिलाफ सुशांत को प्यार के जाल में फंसा कर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज किया है। 

सुशांत के पिता का रिया चक्रवर्ती के ऊपर आरोप है कि जलेबी फेम एक्ट्रेस ने सुशांत को पहले प्यार में फंसाया। सुशांत को प्रताड़ित किया गया और सुशांत के साथ फ्रॉड किया गया। सुशांत के पिता ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 342, 280, 420, 406, 420 और 306 के तहत मामला दर्ज कराया है। 

मुंबई पुलिस पर भरोसा नहीं 
एफआईआर में सुशांत के पिता मुंबई पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं है। उनका कहना है कि मुंबई पुलिस मामले की जांच सही ढंग से नहीं कर रही है। मुंबई पुलिस ने अपनी जांच में सुशांत सिंह राजपूत की मौत को आत्महत्या करार दिया है। मुंबई पुलिस मामले में रिया चक्रवर्ती, संजय लीला भंसाली, महेश भट्ट, आदित्य चोपड़ा सहित कई फिल्मी हस्तियों से पूछताछ कर चुकी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पटना से पुलिस की चार सदस्य टीम रिया चक्रवर्ती से पूछताछ के लिए मुंबई पहुंच चुकी है। 

ग़ौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत के अंतिम संस्कार में रिया चक्रवर्ती नहीं पहुंची थीं। ख़बरें थी कि सुशांत के परिवार वालों ने रिया चक्रवर्ती को अंतिम संस्कार में आने से मना कर दिया था। गौरतलब है कि हाल ही में रिया चक्रवर्ती ने गृह मंत्री अमित शाह से सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में सीबीआई से जांच कराने की मांग की थी। उस समय सुशांत के करीबियों का कहना था कि रिया सीबीआई जांच की मांग करने का ढोंग रच रही हैं।