बिहार में तेजस्वी यादव होंगे महागठबंधन का CM फेस, मुकेश सहनी होंगे डिप्टी सीएम
बिहार महागठबंधन में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया गया है। अब साफ हो गया है कि महागठबंधन के सभी दल उनके नेतृत्व में चुनाव प्रचार करेंगे।

पटना। बिहार चुनाव के लिए महागठबंधन का सीएम चेहरा RJD नेता तेजस्वी यादव होंगे। कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने महागठबंधन की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका ऐलान किया। उन्होंने यह भी कहा कि अगर हमारी सरकार बनी तो उपमुख्यमंत्री मुकेश सहनी होंगे। गहलोत ने कहा कि उप मुख्यमंत्री और भी लोग बनाए जाएंगे, जो पिछड़े समुदाय से होंगे।
अशोक गहलोत ने कहा कि हमारा नेता तो तेजस्वी यादव हैं। NDA बताए कि उनका CM फेस कौन होगा। सिर्फ नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे, कहने से नहीं चलेगा। ऐलान के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि मुझ पर फिर से भरोसा जताया गया है। सभी का दिल से धन्यवाद है। सबसे कहना चाहता हूं कि जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरेंगे। 20 साल पुरानी निकम्मी सरकार को उखाड़कर फेंकेंगे।
महागठबंधन की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस 50 मिनट चली। इसमें आरजेडी, कांग्रेस, VIP समेत 7 दलों के 14 नेता शामिल हुए। इसमें सभी दलों के नेताओं को बोलने मौका दिया गया। सभी ने अपनी स्पीच में महागठबंधन में एकजुटता की बात कही। आरजेडी की ओर से तेजस्वी यादव,अब्दुल बारी सिद्दीकी, मनोज झा और संजय यादव मौजूद थे। वहीं कांग्रेस से अशोक गहलोत,राजेश राम,कृष्णा अल्लावरू, पवन खेड़ा और अभय दुबे थे। सीपीआई (माले) से दीपंकर भट्टाचार्य,वीआईपी पार्टी से मुकेश साहनी, सीपीआई (एम) से ललन चौधरी, सीपीआई से रामनरेश पांडे और ऑल इंडिया पान महासभा नेशनल से आईपी गुप्ता भी मंच पर मौजूद थे।
महागठबंधन 28 अक्टूबर को घोषणापत्र जारी करेगा। इसके बाद राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बिहार में एक साथ रैली करेंगे। तेजस्वी ने पीसी के दौरान कहा कि जेडीयू के 20 साल राज करने के बाद, 11 साल मोदी के शासन के बाद बिहार सबसे गरीब है। बिहार में इंडस्ट्री नहीं है। बिहार से पलायन हो रहा है। प्रति व्यक्ति आय के मामले में बिहार फिसड्डी है। बिना घूस दिए यहां काम नहीं होता। जनप्रतिनिधियों की भी पूछ नहीं है। डिपार्टमेंट मंत्री नहीं, अफसर चला रहे हैं। कई घोटाले हुए, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।
VIP के मुकेश सहनी ने कहा कि आज इस समय का मैं साढ़े तीन साल से इंतजार कर रहा था। भाजपा ने जिस तरह से हमारे विधायकों को तोड़ा, गरीब मल्लाह को रोड पर ला दिया। हमने संकल्प लिया था कि जब तक भाजपा को तोड़ेंगे नहीं, छोड़ेंगे नहीं। महागठबंधन मजबूत है। हम सरकार बनाएंगे।