उत्तराखंड में 11 मंत्रियों ने ली शपथ, सीएम तीरथ सिंह रावत की टीम में इलाकाई संतुलन पर ख़ास ज़ोर

गढ़वाल और कुमाऊं को बैलेंस करने की बीजेपी की कोशिश, 11 में से सात पुराने मंत्रियों को ही किया गया शामिल, विधानसभा चुनाव जीतना तीरथ के लिए चुनौती

Updated: Mar 12, 2021, 01:59 PM IST

Photo Courtesy: ABP
Photo Courtesy: ABP

उत्तराखंड के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के मंत्रिमंडल का विस्तार आज शाम को हुआ। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। बीजेपी ने इस बार चुनावी साल देखते हुए 11 मंत्रियों को शपथ दिलाई है। तीरथ सिंह की कैबिनेट में गढ़वाल और कुमाऊं में संतुलन बनाने का विशेष ध्यान रखा गया है।

तीरथ कैबिनेट में सीएम की रेस में शामिल रहे उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत को दोबारा जगह मिली है। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे, कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, महिला कल्याण मंत्री रेखा आर्य, परिवहन मंत्री यशपाल आर्य, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और वन मंत्री डॉ हरक सिंह रावत को भी दोबारा जगह दी गई है। मंत्रिमंडल में नए नेताओं को भी जगह दी गई। इनमें डिडिहाट से बिशन सिंह चुफाल, कालाढूंगी से बंशीधर भगत, हरिद्वार ग्रामीण से यतीश्वरानंद और मसूरी से गणेश जोशी का नाम शामिल है।

तीरथ अभी पौड़ी गढ़वाल से सांसद हैं और उन्हें छह महीने के अंदर विधायक बनना होगा। मुख्यमंत्री को विधानसभा भेजने के लिए बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने विधानसभा सीट छोड़ने की पेशकश की है। हालांकि इसपर मुहर नहीं लगी है। चर्चा हैं कि पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की डोईवाला विधानसभा सीट से भी तीरथ चुनाव लड़ सकते हैं। लेकिन सीएम तीरथ किस सीट से चुनाव लड़ेंगे इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

बीजेपी हाईकमान और तीरथ ने गढ़वाल व कुमाऊं मंडल के विधायकों को प्रतिनिधित्व देकर प्रदेश में संतुलन बनाने की पूरी कोशिश की है। ऐसा करके भाजपा संगठन प्रदेश में अगले साल यानी 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों पर भी फोकस करना चाहता है। साल 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 70 में से 57 विधानसभा सीटें जीती थीं। 2022 विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी का नारा 60 से ज्यादा सीटें जीतने का होगा।