महाराष्ट्र में मंदिर के टीन शेड पर गिरा पेड़, 7 लोगों की दर्दनाक मौत

हादसे में 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज नजदीकी अस्पताल में किया जा रहा है

Publish: Apr 10, 2023, 07:32 AM IST

मुंबई। महाराष्ट्र के अकोला ज़िले में रविवार देर शाम हुई बारिश लोगों के लिए काल बनकर आई। मंदिर के टीन शेड पर एक बड़े पेड़ के गिरने के कारण सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तेज़ हवाओं के चलने के कारण बाबूलाल मंदिर के टीन शेड पर एक पेड़ गिर गया। पेड़ जड़ से उखड़ गया था। टीन शेड पर पेड़ गिरने के कारण लगभग 40 लोग मंदिर में दब गए। 

मंदिर के टीन शेड पर पेड़ के गिरते ही मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने आनन फानन में लोगों को बचाने का प्रयास शुरू किया। उधर प्रशासन को भी इस हादसे की सूचना दी गई। 

एंबुलेंस के ज़रिए हादसे का शिकार सभी लोगों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन सात लोग पहले ही दम तोड़ चुके थे। गंभीर रूप से घायल लोगों को अकोला के सिविल अस्पताल रेफर किया गया। पेड़ को हटाने के लिए पुलिस को जेसीबी की मदद लेनी पड़ी।