महाराष्ट्र के अकोला में आज रात से सोमवार सुबह तक लॉकडाउन, पुणे में स्कूल-कॉलेज 31 मार्च तक बंद

महाराष्ट्र के नागपुर में सात दिनों के लॉकडाउन के बाद अकोला में लगा शुक्रवार रात से सोमवार सुबह तक का टोटल लॉकडाउन, पुणे के स्कूल कॉलेज 31 मार्च तक बंद, जारी रहेगा नाइट कर्फ्यू

Updated: Mar 12, 2021, 09:14 AM IST

Photo Courtesy: The Live Nagpur
Photo Courtesy: The Live Nagpur

मुंबई। महाराष्ट्र में कोरोना के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब नागपुर के बाद अकोला शहर में शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक के लिए संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की गई है। महाराष्ट्र में बीते चौबीस घंटों में 23,285 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इसी के साथ देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,13,08,846 हो गई है।

पुणे में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है, जिसके तहत रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक लोगों के बाहर निकलने पर रोक रहेगी। नई गाइड लाइंस के अनुसार सभी होटल और मॉल बंद रहेंगे। गुरुवार को महाराष्ट्र में कोरोना के 14,317 नए मरीज मिले हैं। एक दिन में सबसे ज्यादा मरीजों के मिलने के बाद कुल संक्रमितों का आंकड़ा 22,66,374 हो गया है। वहीं कल 57 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई थी। इसके साथ कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा 52,667 हो गया है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में आठ अक्टूबर 2020 को कोरोना संक्रमण के 13,395 मामले सामने आए थे। तब के बाद अब रोजाना कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। महाराष्ट्र में कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या 1,06,070 है। 

और पढ़ें: कोरोना ने फिर बढ़ाई चिंता, 24 घंटे में 23 हजार से ज्यादा नए केस, 119 की मौत

नागपुर में सबसे ज्यादा 1701 नए मरीज मिले हैं। पुणे में 1514 मरीज और मुंबई में 1509 नए मरीज सामने आए हैं। मुंबई में कोरोना संक्रमितों की संख्या 3,38,643 हो गई है। मुंबई में अब तक कुल 11,519 मरीज कोरोना से अपनी जान गंवा चुके हैं। देशभर में महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु में कोरोना केस लगातार तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। देश के कुल कोरोना एक्टिव केस में से 71.69 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र और केरल से हैं।