कोरोना ने फिर बढ़ाई चिंता, 24 घंटे में 23 हजार से ज्यादा नए केस, 119 की मौत

देश में एक बार फिर कोरोना के मामलों में तेज़ उछाल, बीते 24 घंटे में 23,298 नए मरीज मिले, 15,072 ठीक हो गए, जबकि 119 की मौत हुई

Updated: Mar 12, 2021, 07:09 AM IST

Photo Courtesy: QZ
Photo Courtesy: QZ

नई दिल्ली। देश में एक बार फिर कोरोना के मामलों में उछाल आना शुरू हो गया है। बीते 24 घंटे में कोरोना के मामलों में बेतहाशा वृद्धि दर्ज की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बीते 24 घंटे में देशभर में 23,298 नए मरीज मिले हैं, जबकि 119 लोगों की इस महामारी की वजह से मौत हो गई। इस दौरान ठीक होने वालों की संख्या 15,072 रही। नए मरीजों में सबसे ज्यादा 14,317 संक्रमित महाराष्ट्र में मिले हैं। यह कुल संक्रमितों का करीब 69.4 फीसदी है।

देश में कोरोना के सक्रिय मामले भी तेजी से बढ़ने लगे हैं, जो चिंता का विषय है। भारत में कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 1.97 लाख के पार पहुंच गए हैं। गुरुवार को एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 9,555 की बढ़ोतरी हुई है। यह 16 सितंबर के बाद सबसे ज्यादा है। तब 13,781 एक्टिव केस बढ़े थे। इंडियन कॉउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक 22.49 करोड़ से ज्यादा कोरोना जांच की जा चुकी है। 

महाराष्ट्र के पुणे और नागपुर में हालात बेकाबू हो गए हैं। बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा केस पुणे में आए हैं, जहां 2,811 लोग इस संक्रमण की चपेट में आए। नागपुर में इसी दौरान 2,150 लोग संक्रमित हुए हैं। महाराष्ट्र में कोरोना के सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार ने चिंता प्रकट की है। केंद्र ने लोगों से सावधान और सतर्क रहने तथा लापरवाही नहीं बरतने की सलाह दी। सरकार ने कहा है कि महामारी अभी खत्म नहीं हुई है।

कोरोना के आंकड़ों पर नजर रखने वाली वेबसाइट covid19india.org द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक देश में अब तक 1.13 करोड़ लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1.09 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1.58 लाख लोगों ने इस महामारी से जान गंवाई है, जबकि 1.95 लाख एक्टिव यानी सक्रिय मामले हैं। भारत की कोरोना मृत्यु दर 1.40 फीसदी है।

2.60 करोड़ से अधिक टीकाकरण

कोरोना के लगातार बढ़ रहे आंकड़ों के बीच देश में टीकाकरण अभियान भी तेज हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक 2 करोड़ 61 लाख 64 हजार 920 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इनमें 4 लाख 80 हजार 740 लोगों का टीकाकरण बीते 24 घंटे में किया गया है। कई जगहों पर देखा जा रहा है कि कोरोना का टीका लेने के बाद भी लोग संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। इसका कारण यह है कि एंटीबॉडी विकसित होने में 42 दिन का समय लग जाता है।