राहुल गांधी को शांति का संदेश फैलाने से सरकार क्यों रोकना चाहती है, मणिपुर मामले में बोलीं प्रियंका गांधी

देश में शांति और भाईचारे के प्रयास करना हर एक देशप्रेमी का कर्तव्य है। राहुल गांधी जी मणिपुर के नागरिकों का दर्द साझा करने व शांति का संदेश फैलाने गए हैं। भाजपा सरकार को भी यही करना चाहिए: प्रियंका गांधी

Updated: Jun 29, 2023, 11:31 PM IST

नई दिल्ली। मणिपुर के राहत कैंपों में निवासरत हिंसा पीड़ितों से मिलने के लिए निकले कांग्रेस नेता राहुल गांधी का काफिला रोक दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल के काफिले को स्थानीय पुलिस ने विष्णुपुर चेकपोस्ट पर रोक दिया है। इस घटना के बाद कांग्रेस केंद्र सरकार पर हमलावर है। 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार से पूछा कि राहुल गांधी को शांति का संदेश फैलाने से सरकार क्यों रोकना चाहती है? कांग्रेस महासचिव ने ट्वीट किया, 'देश में शांति और भाईचारे के प्रयास करना हर एक देशप्रेमी का कर्तव्य है। राहुल गांधी जी मणिपुर के नागरिकों का दर्द साझा करने व शांति का संदेश फैलाने गए हैं। भाजपा सरकार को भी यही करना चाहिए। सरकार राहुल गांधी को क्यों रोकना चाहती है?'

वहीं, कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा कि, 'यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि मोदी सरकार राहुल गांधी को रिलीफ़ कैंप्स का दौरा करने और इंफाल के बाहर लोगों से बातचीत करने से रोक रही है। उनका दो दिवसीय मणिपुर दौरा भारत जोड़ो यात्रा की भावना के अनुरूप है। प्रधानमंत्री अपने लिए मणिपुर को लेकर न कुछ कहना और न ही कुछ करना चुन सकते हैं, लेकिन मणिपुरी समाज के सभी वर्गों को सुनने और उनके दुःख दर्द को समझने के राहुल गांधी के प्रयासों को क्यों बाधित किया जा रहा है?'

मामले कर मणिपुर कांग्रेस अध्यक्ष के मेघचंद्र ने कहा, 'राहुल गांधी के स्वागत के लिए लोग सड़कों पर खड़े हैं लेकिन बिष्णुपुर एसपी, एएसपी, एडीएम और अन्य पुलिस अधिकारी सड़कों को अवरुद्ध कर रहे हैं। मैंने सुना है कि मणिपुर के सीएम द्वारा सड़कों को अवरुद्ध करने के निर्देश दिए गए थे। वे इसका राजनीतिकरण कर रहे हैं।' 

रिपोर्ट्स के मुताबिक मणिपुर के विष्णुपुर में राहत शिविरों का दौरा करने के लिए चुराचांदपुर जा रहे राहुल गांधी के काफिले को पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद स्थानीय लोगों की पुलिस के साथ झड़प भी हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिस की ओर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस के गोले भी दागे गए हैं। इसके बाद राहुल का काफिला इम्फाल की तरफ लौट रहा है। अब वो हेलिकॉप्टर से चुराचांदपुर जा सकते हैं।