Satyendra Jain : दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ऑक्सीजन सपोर्ट पर

स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को सोमवार को तेज बुखार व सांस लेने में तकलीफ होने के कारण राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Publish: Jun 20, 2020, 06:41 AM IST

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की हालत गंभीर होने के बाद उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। बताया जा रहा है कि उनके फेफड़ों में संक्रमण बढ़ गया है जिसके कारण उन्हें सांस लेने में काफी तकलीफ हो रही है। वहीं उनका बुखार भी लगातार बना हुआ है। इस नाजुक स्थिति में उन्हें राजीव गांधी अस्पताल से किसी दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया जा सकता है। राजीव गांधी अस्‍पताल में वे 2 दिन पहले कोरोना संक्रमित पाए गए थे। अब उन्हें साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में शिफ्ट कर प्लाज्मा थेरेपी देने की तैयारी चल रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सत्येंद्र जैन को सोमवार को तेज बुखार व सांस लेने में तकलीफ होने के कारण उत्तर पूर्वी दिल्ली स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान प्रारंभिक जांच में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इसके उपरांत भी उनमें कोरोना संक्रमण के लक्षण थे जिसके बाद उनकी दुबारा जांच की गयी जिसमें वह पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद शुक्रवार को उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गयी। डॉक्टर्स के मुताबिक उन्हें निमोनिया भी हो गया है। फिलहाल उन्हें ऑन एंड ऑफ ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है जिसके बाद भी उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं है।

सत्‍येंद्र जैन की अनुपस्थिति में उनका प्रभार मनीष सिसोदिया संभाल रहे हैं। स्वस्थ होकर काम पर लौटने तक सत्येंद्र मिनिस्टर विदॉउट पोर्टफोलियो रहेंगे। बता दें कि दिल्ली सबसे ज्यादा नए मामलों के साथ महाराष्ट्र और तमिलनाडु के बाद देश में तीसरे स्थान पर है। शुक्रवार सुबह तक राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना के कुल 49,979 मामले आए हैं। फिलहाल यहां एक्टिव केस की संख्या 26,669 है वहीं 21,341 लोग इस बीमारी से ठीक हो गए हैं। यहां कोरोना से अबतक कुल 1969 लोगों की मौत हुई है।