Ind Vs Pak T20 World Cup: भारत की धमाकेदार जीत, चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 61 रनों से हराया
टी20 वर्ल्ड कप के रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। ईशान किशन की शानदार 77 रन की पारी से भारत ने 176 रन बनाए। जवाब में भारतीय गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के आगे पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 114 रनों पर सिमट गई।
कोलंबो। टी20 वर्ल्ड कप के 27वें मुकाबले में भारत ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 61 रनों से मात दे दी है। इस ऐतिहासिक मुकाबले में टीम इंडिया के जीत के हीरो विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन रहे। उन्होंने टीम के लिए शानदार बल्लेबाजी करते हुए 77 रन बनाए थे। उनकी कमाल की बल्लेबाजी की वजह से भारत ने पाकिस्तान के सामने 176 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। वहीं, भारतीय गेंदबाजों ने भी धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तानी टीम को बहुत परेशान किया। अंततः पूरी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने महज 114 रनों पर सिमट गई।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए थे। टीम की शुरुआत झटके के साथ हुई जब अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए थे। हालांकि, इसके बाद ईशान किशन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और पारी संभाली। विकेटकीपर बल्लेबाज ने 40 गेंदों पर 77 रन बनाए जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन की उपयोगी पारी खेली। जबकि, तिलक वर्मा ने टीम के खाते में 25 रन जोड़े। अंत के ओवरों में शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 27 रन बनाकर रनगति तेज की और रिंकू सिंह 11 रन बनाकर नाबाद लौटे। पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 3 विकेट लिए।
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त समर्थन नहीं मिला। इस दौरान भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और पूरी पाकिस्तानी बल्लेबाजी 18 ओवर में ढह गई।
गेंदबाजी में भारत की जीत के असली हीरो उसके ऑलराउंड बॉलिंग प्रदर्शन थे। हार्दिक पंड्या ने 3 ओवर में 16 रन देकर 2 विकेट लिए। जबकि, जसप्रीत बुमराह ने 2 ओवर में 2 विकेट झटके थे। इनके अलावा अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने भी 2-2 विकेट हासिल कर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी थी। कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को एक-एक सफलता मिली जिससे पाकिस्तानी बल्लेबाज मैच में वापसी नहीं कर सके।
मैच से पहले टॉस के दौरान भी माहौल चर्चा में रहा जब दोनों टीमों के कप्तानों ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया। भारतीय खिलाड़ियों ने यह रुख पिछले साल एशिया कप के दौरान भी अपनाया था जिसे पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध से जोड़कर देखा गया था।




