क्रिस मॉरिस बने IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी, युवराज सिंह का तोड़ा रिकॉर्ड

IPL 2021 Auction: साउथ अफ्रीका के ऑलरांउडर क्रिकेटर क्रिस मॉरिस राजस्थान रॉयल्स ने 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा, जबकि ग्लेन मैक्सवेल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 14.25 करोड़ रुपये में खरीदा

Updated: Feb 18, 2021, 12:28 PM IST

Photo Courtesy : Aajtak
Photo Courtesy : Aajtak

मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें सीजन के लिए नीलामी चेन्नई में जारी है। 292 शॉर्टलिस्टेड प्लेयर्स के लिए बोली लगाई जा रही है। साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस ने इस बार आईपीएल नीलामी में इतिहास रच दिया है। मॉरिस को राजस्थान रॉयल्स ने 16.25 करोड़ रुपए में खरीदा। इसी के साथ वे लीग के इतिहास के नीलामी में बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। ग्लेन मैक्सवेल को 14.25 करोड़ रुपये में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने खरीदा।

मॉरिस ने भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। युवी को 2015 सीजन के लिए दिल्ली ने 16 करोड़ रुपए में खरीदा था। खास बात यह है कि मॉरिस की बेस प्राइस मात्र 75 लाख रुपए थी। यानी वे अपनी बेस प्राइस से करीब 21 गुना ज्यादा दाम पर बिके। मॉरिस के लिए यह किसी लॉटरी से कम नहीं है। 

अन्य खिलाड़ियों की बात करें तो भारतीय तेज गेंदबाज उमेश यादव को दिल्ली कैपिटल्स ने उनकी बेस प्राइस 1 करोड़ रुपए में खरीदा। वहीं स्पिनर पीयूष चावला को मुंबई इंडियंस ने 2 करोड़ 40 लाख रुपये में खरीदा, चावला का बेस प्राइस 50 लाख था। ऑस्ट्रेलियाई बॉलर जॉय रिचर्ड्सन को पंजाब किंग्स ने 14 करोड़ रुपए में खरीदा। उनकी बेस प्राइस 1.50 करोड़ रुपए थी। ऑस्ट्रेलियाई पेसर नाथन कुल्टर-नाइल को मुंबई ने 5 करोड़ रुपए में खरीदा। उनकी बेस प्राइस 1.50 करोड़ थी।

अनसोल्ड रह गए ये खिलाड़ी

इस सीजन में कई दिग्गज खिलाड़ी ऐसे भी रहें जिन्हें कोई खरीददार नहीं मिला। इनमें सबसे पहले करुण नायर का नाम पुकारा गया नायर का बेस प्राइस 50 लाख रुपए था। 1 करोड़ रुपए बेस प्राइस वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एरॉन फिंच को भी किसी ने नहीं खरीदा। इतना ही नहीं भारतीय स्पिनर व दिग्गज खिलाड़ी हरभजन सिंह को भी इस बार कोई खरीददार नहीं मिला। 

इसके अलावा न्यूज़ीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज़ ग्लेन फिलिप्स, श्रीलंका के कुसल परेरा, बांग्लादेश के गेंदबाज़ मुस्तफिज़ुर रहमान, इंग्लैंड के स्पिनर आदिल रशिद, स्पिनर राहुल शर्मा, अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान, कीवी स्पिनर ईश सोढ़ी जैसे नामी खिलाड़ियों को भी इस सीजन में निराशा हाथ लगी है। इन्हें भी किसी टीम ने नहीं खरीदा।

IPL Auction के ये हैं अबतक के सबसे महंगे खिलाड़ी

1. क्रिस मॉरिस - 2021 में 16.25 करोड़ (RR ने खरीदा)
2. युवराज सिंह - 2015 में 16.00 करोड़ (दिल्ली ने खरीदा)
3. पैट कमिंस - 2020 में 15.50 करोड़ (KKR ने खरीदा)
4. बेन स्टोक्स - 2017 में 14.50 करोड़ (RPS ने खरीदा)
5. युवराज सिंह - 2014 में 14.00 करोड़ (RCB ने खरीदा)
6. जाय रिचर्डसन- 2021 में 14.00 करोड़ (पंजाब ने खरीदा)