T20 World Cup 2026: 15 फरवरी को ही खेला जाएगा भारत–पाकिस्तान मैच, PCB ने की पुष्टि
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को खेला जाएगा। PCB ने आधिकारिक पुष्टि की।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेला जाएगा। पाकिस्तान सरकार ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इसकी पुष्टि कर दी है। इससे पहले पाकिस्तान ने 15 फरवरी को होने वाले इस मैच का बहिष्कार करने का संकेत दिया था लेकिन अब उसने अपने रुख में बदलाव करते हुए यू-टर्न ले लिया है।
इस फैसले के संकेत पहले ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी दे चुके थे। उन्होंने कहा था कि ICC उनके घर आया है और पाकिस्तान मेहमानों का सम्मान करता है। नकवी ने यह भी स्पष्ट किया था कि इस मुद्दे पर ICC और बांग्लादेश के बीच बातचीत चल रही है। इसलिए फिलहाल ज्यादा कुछ कहना उचित नहीं होगा। ICC द्वारा PCB पर संभावित प्रतिबंधों की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए नकवी ने कहा कि पाकिस्तान किसी भी तरह के दबाव या धमकियों से डरने वाला नहीं है और उन्हें किसी तरह के प्रतिबंधों की चिंता नहीं है।
इस पूरे घटनाक्रम में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की भूमिका भी अहम रही। 9 फरवरी को BCB ने एक आधिकारिक बयान जारी कर पाकिस्तान से भारत-पाकिस्तान मैच के बहिष्कार पर पुनर्विचार करने की अपील की। BCB ने कहा कि यह मुकाबला पूरे क्रिकेट इकोसिस्टम के हित में है। इससे एक दिन पहले यानी 8 फरवरी को BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ICC और PCB की बैठक में शामिल होने के लिए लाहौर पहुंचे थे। माना जा रहा है कि इसी बैठक के बाद BCB ने यह अनुरोध किया।
इस बीच एक और अहम कूटनीतिक पहल सामने आई। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायके ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से व्यक्तिगत तौर पर भारत-पाकिस्तान मैच के बहिष्कार पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिसानायके ने शरीफ से इस मुकाबले को मंजूरी देने को कहा जो 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं के बीच मुश्किल समय में भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका ने एक-दूसरे का किस तरह समर्थन किया है इसकी भी चर्चा हुई।
इसी दौरान ICC ने बांग्लादेश को लेकर भी बड़ा बयान दिया। ICC ने साफ कर दिया कि भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा न लेने पर बांग्लादेश पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टूर्नामेंट में भाग लेने से इनकार किया था। जिसके बाद उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। ICC के सीईओ संजोग गुप्ता ने कहा कि बांग्लादेश की गैर-मौजूदगी दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन ICC की बांग्लादेश के प्रति प्रतिबद्धता में कोई कमी नहीं आएगी। साथ ही ICC ने यह भी घोषणा की है कि 2031 वनडे वर्ल्ड कप से पहले बांग्लादेश एक ICC इवेंट की मेजबानी करेगा।
लाहौर में हुई ICC और PCB की बैठक को इस पूरे विवाद का केंद्र माना जा रहा है। इस बैठक में PCB, ICC और BCB के शीर्ष अधिकारी मौजूद थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, PCB ने भारत के खिलाफ बहिष्कार खत्म करने के बदले ICC के सामने कुछ शर्तें रखीं थी। इनमें भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय सीरीज की बहाली, भारत-पाकिस्तान-बांग्लादेश त्रिकोणीय सीरीज का आयोजन और भारत में टी20 वर्ल्ड कप न खेलने पर बांग्लादेश पर किसी तरह का आर्थिक प्रतिबंध न लगाना शामिल था।
बैठक के दौरान मोहसिन नकवी ने एशिया कप ट्रॉफी विवाद का मुद्दा भी उठाया। भारत ने एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। ऐसा इसलिए क्योंकि नकवी पाकिस्तान सरकार में मंत्री भी हैं। नकवी ने सवाल उठाया कि अगर पाकिस्तान टीम किसी भारतीय बोर्ड अधिकारी से ट्रॉफी लेने से मना करती तो क्या ICC उसी तरह चुप रहता।




