यौन शोषण के खिलाफ दूसरे दिन भी पहलवानों का प्रदर्शन, कांग्रेस ने स्मृति ईरानी की चुप्पी पर उठाए सवाल

खेल मंत्रालय ने कुश्ती संघ से 72 घंटे में जवाब मांगा है। जवाब नहीं मिलने पर भारतीय कुश्ती संघ को बर्ख़ास्त भी किया जा सकता है। इधर जंतर मंतर पर दूसरे दिन भी पहलवानों का प्रदर्शन शुरू हो गया है।

Updated: Jan 19, 2023, 07:13 AM IST

नई दिल्ली। यौन प्रताड़ना के खिलाफ आज दूसरे दिन भी पहलवानों का प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को करीब 200 की संख्या में पहलवान राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। वे कुश्ती संघ को तत्काल बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं। खास बात ये है कि इस प्रदर्शन में भारत के अधिकांश नामी पहलवान शामिल हैं।

साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया, रवि दहिया, विनेश फोगट, अंशु मलिक, सरिता मोरे, दीपक पुनिया, अमित धनकट, संगीता फोगट, सोनम मलिक और परमजीत जैसे लोग धरनास्थल पर डटे हुए हैं। खबर लिखे जाने तक लगभग 200 पहलवान जंतर मंतर पहुंच चुके हैं, और पहलवानों के आने का सिलसिला जारी है।

पहलवानों का आरोप है कि, भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद ब्रजभूषण सिंह महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करते हैं। कुछ कोच तो सालों से महिला खिलाडियों का यौन उत्पीड़न करते आ रहे हैं। जंतर मंतर पर एक तरफ पहलवान धरने पर बैठे हैं तो दूसरी तरफ कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह के घर के बाहर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। हालांकि, वे दिल्ली में नहीं हैं, लेकिन उनके समर्थक लगातार उनके घर पहुंच रहे हैं।

यह भी पढ़ें: यौन शोषण के आरोपों पर खेल मंत्रालय सख्त, कुश्ती संघ से 72 घंटे के भीतर मांगा जवाब

इस पूरे मामले पर स्मृति ईरानी की चुप्पी पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत ने ट्वीट किया, 'कहाँ हैं महिला और बाल विकास मंत्रालय की मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी? जो आपकी सरकार और सांसदों पर यौन शोषण का आरोप लगा रही हैं वो इस देश की बेटियाँ हैं जिन्होंने हिंदुस्तान का सिर गर्व से ऊँचा किया है। आपका नैतिक दिवालियापन और पाखंड पर तरस आता है स्मृति जी।'

भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर सरकार एक्शन में आ गई है। खेल मंत्रालय ने कुश्ती संघ से 72 घंटे में जवाब मांगा है। जवाब नहीं मिलने पर भारतीय कुश्ती संघ को बर्ख़ास्त भी किया जा सकता है।